दर्जनों घटनाओं के बाद भी सड़कों पर घूम रहे आवारा गोवंश को पकड़ने में कोई रुचि नहीं ले रहे जिम्मेदार विभाग
बुलंद संदेश ब्यूरो
लखनऊ। सावन के दूसरे सोमवार को राजधानी के मलिहाबाद से माल जाने वाले मार्ग पर दर्जन भर से अधिक सांडों के झुंड माल कस्बे के आसपास सड़क पर लड़ते हुए देखे गए ।जिस समय आवारा गोवंश सड़क पर लड़ रहे थे इस समय कांवड़ यात्रा निकल रही थी जिससे कई लोग बाल बाल बच गए। सरकारी निर्देशों के बावजूद आज तक कस्बा माल में आवारा घूमने वाले गाय और सांड पकड़े नहीं गए हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पशुधन मंत्री का स्पष्ट निर्देश है कि कहीं भी गांव और कस्बे में आवारा गोवंश घूमते हुए न दिखाई दे उन्हें पकड़ कर गौशालाओं में बंद किया जाए जिससे किसानों के खेतों में नुकसान होने के बचाने के अलावा लोगों की जान को भी सुरक्षित रखा जाए। इसलिए सभी जिम्मेदार विभागों को प्रयास कर आवारा गोवंश को गौशालाओं में भेजने की हर संभव व्यवस्था करनी चाहिए परंतु यहां ऐसा नहीं हो रहा है जिससे लोगों के लिए दिन और रात के समय किसी भी समय सड़क पर निकलने वाले व्यक्तियों और किसानों के लिए मुसीबत बने हुए हैं। ग्राम पंचायत से लेकर खंड विकास अधिकारी और पशुपालन विभाग तक कोई इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। अब तो ऐसा लगता है कि जिम्मेदार विभाग किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहे है

इसीलिए विकासखंड कार्यालय के आसपास भी आवारा सांड घूमते रहते हैं परंतु विकासखंड कार्यालय का कोई भी अधिकारी उन्हें गौशाला भेजने के लिए व्यवस्था नहीं करता है। अब देखना है कि इस मार्ग से निकलने वाली कावड़ यात्रा को सुरक्षित संपन्न कराने के लिए गोवंश को पकड़ने की व्यवस्था कब की जाएगी यह सबसे बड़ा सवाल है या कहें यह सरकार के नाक के नीचे बैठे अधिकारियों द्वारा सरकार को ठेंगा दिखने वाली बात है।


