कुशावली गांव में हादसा, ग्रामीणों ने मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला; जिला अस्पताल रेफर
सरधना। कुशावली गांव में मंगलवार को घर में खाना खा रहे परिवार के ऊपर अचानक मकान की छत भरभराकर गिर गई। हादसे में परिवार के करीब पांच लोग मलबे के नीचे दब गए। छत गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर सभी लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को उपचार के लिए सरधना अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने सभी घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
हादसे की सूचना मिलने पर पूर्व जिला अध्यक्ष शिव कुमार राणा भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने परिजनों से घटना की जानकारी ली और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। कुछ देर तक गांव में अफरा-तफरी का माहौल रहा। ग्रामीणों के अनुसार मकान की छत काफी पुरानी थी। घटना के बाद परिवार के लोगों में दहशत बनी हुई है।


