270 मीटर आबादी वाले हिस्से को जोड़ने की मांग, तहसील दिवस में शिकायत के बाद सीडीओ से मिले पदाधिकारी
बुलन्द संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी
सरधना। लोकप्रिय इंटर कॉलेज रोड के अधूरे निर्माण को लेकर भारतीय किसान यूनियन आजाद और हरियाली संरक्षण ट्रस्ट ने आवाज उठाई है। संगठन के पदाधिकारियों ने शनिवार को सरधना तहसील दिवस में अधिकारियों को शिकायत देकर आबादी वाले हिस्से का निर्माण कराने की मांग की। इसके बाद पदाधिकारियों ने मेरठ पहुंचकर मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल से मुलाकात की और समस्या से अवगत कराया।
पदाधिकारियों के अनुसार लोकप्रिय रोड से महाराणा प्रताप नगर, धर्मपुरी, ईदगाह बस्ती, अमन कॉलोनी समेत आसपास की कई आबादी जुड़ी हुई हैं। करीब दो किलोमीटर सड़क का निर्माण प्रस्तावित है, लेकिन आबादी के बीच लगभग 270 मीटर हिस्से का निर्माण नहीं कराया गया है। यह हिस्सा लंबे समय से खराब पड़ा है और जगह-जगह गड्ढे होने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
संगठन का कहना है कि छोड़ा गया 270 मीटर का हिस्सा लोगों के लिए काफी महत्वपूर्ण है। इसी मार्ग पर प्राचीन महादेव मंदिर, ईसाई कब्रिस्तान, हिंदू बच्चा श्मशान धाम, माता का मंदिर और स्कूल स्थित हैं। इसके अलावा यह मार्ग नेशनल हाईवे से जुड़ने वाले लिंक रोड के रूप में भी काम करता है। आसपास की कॉलोनियों के लोगों के लिए भी यह प्रमुख संपर्क मार्ग है।
राहगीरों और स्कूली बच्चों को परेशानी
सड़क की खराब हालत के कारण राहगीरों, स्कूली बच्चों, श्रद्धालुओं और वाहन चालकों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है। बारिश के दौरान स्थिति और खराब हो जाती है। गड्ढों के कारण दोपहिया वाहन चालकों के गिरने का खतरा बना रहता है।
संगठन के पदाधिकारियों ने अधिकारियों से मांग की है कि जनसुविधा को देखते हुए लोकप्रिय रोड के बचे हुए करीब 270 मीटर हिस्से का भी निर्माण कराया जाए। उनका कहना है कि सड़क का यह हिस्सा पूरा होने से कई कॉलोनियों के लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी और मंदिर, स्कूल, श्मशान धाम तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों तक पहुंच आसान होगी।
पदाधिकारियों ने जल्द सड़क निर्माण शुरू कराने की मांग की है। अब देखना है कि संबंधित विभाग इस समस्या के समाधान के लिए कब तक कदम उठाता है। इस दौरान रिहान मलिक, अंकुर गुप्ता,मनीष मलिक, तेजपाल शर्मा, विवेक गोयल, आदि मौजूद रहे।


