महापंचायत को लेकर बढ़ी हलचल, कमिश्नरी-कुटी चौराहा मार्ग पर यातायात रहेगा बंद
संवाददाता जावेद अब्बासी
मेरठ। किसानों की प्रस्तावित महापंचायत को लेकर मेरठ में हलचल बढ़ गई है। किसानों ने कमिश्नरी परिसर के बाहर टेंट लगाकर डेरा डाल दिया है। किसानों के लिए लंगर की व्यवस्था भी शुरू कर दी गई है। बताया गया कि दोपहर 12 बजे तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में किसान कमिश्नरी पहुंचेंगे।
किसानों के जुटने के मद्देनजर पुलिस-प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। कमिश्नरी चौराहे से कुटी चौराहे के बीच सामान्य यातायात पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
माल रोड से कमिश्नरी चौराहे की ओर आने वाले वाहनों को कुटी चौराहा होते हुए मवाना रोड की ओर भेजा जाएगा। वहीं अन्य मार्गों से कमिश्नरी की ओर आने वाले वाहनों को पुलिस लाइन रोड और मेघदूत पुलिया होते हुए वैकल्पिक मार्ग से निकाला जाएगा।
यातायात पुलिस ने आमजन से कमिश्नरी चौराहा और आसपास के मार्गों पर अनावश्यक आवागमन से बचने की अपील की है। वाहन चालकों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करने को कहा गया है।


