बुलन्द संदेश ब्यूरो
हेलिकॉप्टर से भी शिवभक्तों पर हुई पुष्पवर्षा, मुख्यमंत्री ने कहा- कांवड़ यात्रा भक्ति, समर्पण और सामाजिक समरसता का जीवंत उदाहरण
संवाददाता जावेद अब्बासी
मेरठ। श्रावण मास की दशमी तिथि पर शुक्रवार को मेरठ में कांवड़ यात्रा का नजारा भक्तिमय हो गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ मार्ग पर पहुंचकर शिवभक्तों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इस दौरान हेलिकॉप्टर से भी कांवड़ियों पर फूल बरसाए गए। फूलों की बारिश के बीच कांवड़ियों के हर-हर बम-बम के जयघोष से पूरा कांवड़ मार्ग गूंज उठा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि भक्ति, समर्पण, सामाजिक और राष्ट्रीय एकता तथा समरसता का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने प्रदेश सरकार की ओर से सभी शिवभक्त कांवड़ियों का स्वागत और अभिनंदन किया।
हेलिकॉप्टर से लिया कांवड़ मार्ग का जायजा
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री ने हेलिकॉप्टर से कांवड़ मार्ग का हवाई निरीक्षण किया। उन्होंने कांवड़ियों की सुरक्षा और सुविधाओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ियों की सुरक्षा, सम्मान और सुविधा में किसी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए।

करोड़ों शिवभक्तों के पहुंचने का अनुमान
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार से गंगाजल लेकर शिवभक्त अपने-अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि गाजियाबाद से हरिद्वार के बीच करीब चार से साढ़े चार करोड़ शिवभक्त सावन की शिवरात्रि तक कांवड़ यात्रा में शामिल होकर विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक करेंगे।
उन्होंने बताया कि मेरठ के बाबा औघड़नाथ मंदिर, गाजियाबाद के बाबा दूधेश्वरनाथ मंदिर और बागपत के पुरा महादेव मंदिर समेत दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब और हिमाचल प्रदेश से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु कांवड़ यात्रा में शामिल हो रहे हैं।
जाति और क्षेत्र की सीमाओं से ऊपर उठकर यात्रा
मुख्यमंत्री ने कहा कि सैकड़ों किलोमीटर पैदल चलकर गंगाजल लेकर आ रहे शिवभक्त भक्ति और समर्पण की मिसाल पेश कर रहे हैं। कांवड़ यात्रा जाति, क्षेत्र और प्रांत की सीमाओं से ऊपर उठकर सामाजिक एकता और समरसता का संदेश देती है।

उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी कांवड़ मार्ग पर लगातार निगरानी कर रहे हैं। समाजसेवी और धार्मिक संगठन भी जगह-जगह सेवा शिविर लगाकर श्रद्धालुओं की सुविधाओं का ध्यान रख रहे हैं।
शिवरात्रि तक होगी पुष्पवर्षा
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ियों पर शुक्रवार के अलावा शनिवार और शिवरात्रि के दिन भी हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा की जाएगी। उन्होंने भगवान महादेव से प्रार्थना की कि कांवड़ यात्रा पर निकले सभी शिवभक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण हों और प्रदेश तथा देश में सुख-शांति और सौहार्द बना रहे।
इस दौरान राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार सोमेंद्र तोमर, राज्यमंत्री जलशक्ति दिनेश खटीक, सांसद अरुण गोविल, सांसद चंदन चौहान, सांसद राजकुमार सांगवान, राज्यसभा सांसद लक्ष्मीकांत बाजपेयी, महापौर हरिकांत अहलूवालिया, विधायक अमित अग्रवाल, विधायक गुलाम मोहम्मद, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज, एमएलसी अश्वनी त्यागी, एडीजी भानु भास्कर, आयुक्त भानु चंद्र गोस्वामी, डीआईजी कलानिधि नैथानी, जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह और एसएसपी अविनाश पांडे समेत अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।


