cbamazon
उत्तर प्रदेश

महावीर विश्वविद्यालय में शिक्षक दिवस पर सजी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

महावीर विश्वविद्यालय में शिक्षक दिवस पर सजी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

‘ज्ञान से भविष्य तक’ विषय पर हुआ भव्य समारोह, विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य और योग से मोहा मन

बुलन्द संदेश ब्यूरो: जावेद अब्बासी 

मेरठ। महावीर विश्वविद्यालय में शनिवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर ‘शिक्षक दिवस समारोह—ज्ञान से भविष्य तक’ विषय पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समारोह विश्वविद्यालय के सेमिनार हॉल-2 में हुआ। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) सर्वोत्तम दीक्षित की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुआ। छात्र-छात्राओं ने सोलो सॉन्ग, डांस, योग डांस और भाषण प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने शिक्षकों और अतिथियों का मन मोह लिया।

विशेष रूप से योग और नृत्य की प्रस्तुति के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वास्थ्य, अनुशासन और भारतीय संस्कृति का सुंदर संदेश दिया। विद्यार्थियों के उत्साह और प्रतिभा की उपस्थित लोगों ने जमकर सराहना की।

इस अवसर पर कुलपति प्रो. (डॉ.) सर्वोत्तम दीक्षित ने सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन को सही दिशा देने वाले मार्गदर्शक होते हैं। शिक्षकों का मार्गदर्शन विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

उन्होंने विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की भी सराहना की। कुलपति ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, रचनात्मकता और व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पढ़ाई के साथ विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अवसर मिलना भी जरूरी है।

समारोह में विश्वविद्यालय के आयुर्वेद, फार्मेसी, कृषि विज्ञान, पुस्तकालय विज्ञान, वाणिज्य एवं प्रबंधन, कंप्यूटर अनुप्रयोग, अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी, विज्ञान, शिक्षा, कला एवं मानविकी, विधि अध्ययन, नर्सिंग तथा प्राकृतिक चिकित्सा एवं योग विज्ञान सहित विभिन्न संकायों के डीन और विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में विश्वविद्यालय के सांस्कृतिक प्रमुख डॉ. राजर्षि कुमार कसौधन ने सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सराहना करते हुए उनके उत्साह, रचनात्मकता और प्रतिभा की प्रशंसा की।उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करने वाले सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों और विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों का आभार व्यक्त किया। समारोह उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।