नाबालिग किशोरी लापता, युवक पर बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप
सरधना। थाना क्षेत्र के खिर्वा जलालपुर गांव से 16 वर्षीय नाबालिग किशोरी संदिग्ध हालात में लापता हो गई। परिजनों ने जाफराबाद दुर्वेशपुर निवासी एक युवक पर किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है।
किशोरी के भाई अमन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी बहन चार सितंबर की दोपहर करीब एक बजे घर से बिना बताए चली गई। काफी तलाश करने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला। जानकारी करने पर पता चला कि एक युवक उसे अपने साथ ले गया है। परिजनों ने युवक से मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका फोन बंद मिला।
परिजनों का आरोप है कि इसके बाद वे युवक के घर पहुंचे और उसके परिजनों से किशोरी के बारे में जानकारी मांगी। आरोप है कि युवक के परिजनों ने गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की। साथ ही कानूनी कार्रवाई करने पर किशोरी को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी।
परिजनों ने किशोरी के साथ अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस से उसे जल्द बरामद करने और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि किशोरी के लापता होने संबंधी तहरीर मिली है। पुलिस टीम किशोरी की तलाश में जुटी है। मामले की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


