सरधना। नगर में जलभराव और नालों की सफाई को लेकर नगर पालिका परिषद की अधिशासी अधिकारी दीपिका शुक्ला ने सोमवार को नाला सफाई टीम की समीक्षा बैठक की। उन्होंने सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए सभी बड़े और छोटे नालों की सफाई सात दिन के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। ईओ ने कहा कि बरसात के कारण नालों में सिल्ट, पॉलिथीन और कचरा जमा होने से जल निकासी प्रभावित हो रही है। इससे कई स्थानों पर जलभराव की शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर पहले से पंप, जेसीबी और सफाई कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सभी सुपरवाइजर को अपने-अपने क्षेत्र में नालों की सफाई की दैनिक रिपोर्ट फोटो सहित देने को कहा गया है। ईओ ने चेतावनी दी कि कार्य में लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।दीपिका शुक्ला ने कहा कि नगर को जलभराव मुक्त रखना पालिका की प्राथमिकता है। उन्होंने नगरवासियों से नालों में कूड़ा और पॉलिथीन न डालने तथा डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की।


