cbamazon
उत्तर प्रदेश

पुलिस को देखकर भागा पांच हजार का इनामी, मुठभेड़ में पैर में लगी गोली

पुलिस को देखकर भागा पांच हजार का इनामी, मुठभेड़ में पैर में लगी गोली

रेलवे रोड पर चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़, चोरी की KTM बाइक और तमंचा बरामद

मेरठ। रेलवे रोड थाना क्षेत्र में शनिवार को पुलिस और पांच हजार रुपये के इनामी बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार जमानिया बाग तिराहे पर चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक सवार युवक को रुकने का इशारा किया गया। वह बाइक मोड़कर भागने लगा। पीछा करने पर बाइक फिसलने से वह सड़क पर गिर गया और पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे घायल हालत में गिरफ्तार कर लिया।

घायल बदमाश की पहचान दानिश पुत्र लियाकत निवासी मकबरा डिग्गी, रेलवे रोड के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे उपचार के लिए पीएल शर्मा जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

टॉर्च की रोशनी में किया था रुकने का इशारा

पुलिस के मुताबिक, शनिवार को रेलवे रोड पुलिस जमानिया बाग तिराहे पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि बिना नंबर प्लेट की बाइक पर एक बदमाश रेलवे स्टेशन की ओर से आ रहा है। वह यात्रियों से लूटपाट की फिराक में है।

सूचना के बाद पुलिस ने चेकिंग बढ़ा दी। कुछ देर बाद काले रंग की बिना नंबर प्लेट वाली KTM बाइक पर एक युवक आता दिखाई दिया। पुलिस ने टॉर्च की रोशनी से उसे रुकने का इशारा किया। आरोपी बाइक मोड़कर भागने लगा। पुलिस ने पीछा किया तो कुछ दूरी पर बाइक फिसल गई और वह गिर पड़ा।

पुलिस का कहना है कि गिरने के बाद आरोपी ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में घुटने के नीचे गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

 

तमंचा और चोरी की बाइक बरामद

 

पुलिस ने आरोपी के पास से .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया। उसके पास मिली काले रंग की KTM बाइक भी बिना नंबर प्लेट की थी। जांच में बाइक दिल्ली के सराय रोहिल्ला क्षेत्र से चोरी होने की जानकारी मिली।

 

19 मुकदमे दर्ज होने का दावा

 

पुलिस के अनुसार दानिश पांच हजार रुपये का इनामी है और राजस्थान के जयपुर स्थित ब्रह्मपुरी थाने में दर्ज लूट के मुकदमे में वांछित था। पुलिस ने बताया कि उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान और मध्य प्रदेश में कुल 19 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी, लूट, मारपीट और अवैध हथियार से जुड़े मामले शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।