पुलिस ने दो नाबालिग छात्राओं को किया बरामद
परिजनों ने खजुरिया थाने में दोनों की गुमशुदगी की तहरीर दी थी।
पुलिस ने अपहरण की धारा में अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज कर दोनों नाबालिग छात्राओं की तलाश शुरू कर दी थी
दोनों छात्राओं को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा।
बुलन्द संदेश ब्यूरो
रामपुर/बिलासपुर।शुक्रवार को खजुरिया थाना पुलिस ने चार दिन पूर्व लापता हुईं दो नाबालिग छात्राओं को बरामद कर लिया। आगे की कार्रवाई के लिए दोनों को वन स्टॉप सेंटर भेजा गया है।
थाने के प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मामले की विवेचना उप निरीक्षक जितेंद्र कुमार द्वारा की जा रही थी और कई टीमें बनाई गई थीं। सर्विलांस सेल के सहयोग से लोकेशन प्राप्त कर दोनों को बरामद करने में सफलता प्राप्त की गई।यह दोनों छात्राएं बीते सोमवार को गायब हो गई थीं। परिजनों ने पुलिस को बताया था कि लापता हुई एक 15 वर्षीया छात्रा 10वीं कक्षा और दूसरी 16 वर्षीया छात्रा कक्षा 11 की छात्रा है और आपस में पक्की सहेलियां हैं। यह दोनों सोमवार सुबह बरेली के शीशगढ़ स्थित एक कॉलेज में पढ़ने गई थीं।परिजनों के अनुसार, शाम तक दोनों के वापिस न लौटने पर उन्हें चिंता हुई थी। काफी खोजबीन के बावजूद पता न चलने पर परिजनों ने खजुरिया थाने में दोनों की गुमशुदगी की तहरीर दी थी।पुलिस ने अपहरण की धारा में अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज कर दोनों नाबालिग छात्राओं की तलाश शुरू कर दी थी।खजुरिया थानाध्यक्ष सतेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि बरामदगी के बाद अग्रिम कार्रवाई के तहत दोनों को जिला मुख्यालय स्थित वन स्टॉप सेंटर भेजा गया है।इसके बाद दोनों छात्राओं को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया जाएगा।


