प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक कर अभ्यर्थियों को फर्जी तरीके से पास कराने का आरोप, लंबे समय से था फरार
मेरठ। प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर आउट कराने और सॉल्वर के जरिये अभ्यर्थियों को फर्जी तरीके से पास कराने के मामले में वांछित 20 हजार रुपये के इनामी आरोपी को सिविल लाइन पुलिस और स्वाट टीम नगर ने गिरफ्तार किया है। आरोपी को सोमवार को दिल्ली के निजामुद्दीन से पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार, 28 जून 2023 को एसटीएफ फील्ड यूनिट मेरठ के निरीक्षक सुनील कुमार की तहरीर पर सिविल लाइन थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप था कि कुछ लोग संगठित होकर प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर आउट कराने, प्रश्नपत्र हल कराने और अभ्यर्थियों को फर्जी तरीके से पास कराने के बदले उनसे रुपये लेते थे।
विवेचना के दौरान गौतमबुद्धनगर के जारचा थाना क्षेत्र के खटाना गांव निवासी मोनू उर्फ प्रशान्त कुमार सिंह का नाम सामने आया। आरोपी लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस ने 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
कई जिलों में दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े कई मुकदमे गाजियाबाद, मेरठ, मुजफ्फरनगर, गौतमबुद्धनगर और देहरादून में दर्ज हैं। देहरादून के रायपुर थाने में दर्ज एक मुकदमे की जांच सीबीआई उत्तराखंड द्वारा की जा रही है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने पूर्व में गिरफ्तारी के दौरान अपने पिता का नाम बदलकर बताया था।पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश किया।


