cbamazon
उत्तर प्रदेश

फर्जी खाते खुलवाकर साइबर ठगों को देते थे, चार आरोपी गिरफ्तार

फर्जी खाते खुलवाकर साइबर ठगों को देते थे, चार आरोपी गिरफ्तार

तीन मोबाइल और छह बैंक पासबुक बरामद, मवाना का एक आरोपी अभी वांछित

 

सरूरपुर। साइबर ठगी की रकम के लेनदेन के लिए बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले चार आरोपियों को सरूरपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन और छह बैंक पासबुक बरामद हुई हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी फर्जी पते और सिम कार्ड के आधार पर बैंक खाते खुलवाकर उनकी पासबुक, एटीएम कार्ड, नेट बैंकिंग की जानकारी और सिम कार्ड साइबर ठगों को उपलब्ध कराते थे।

पुलिस के अनुसार, साइबर अपराध की रोकथाम के लिए चेकिंग के दौरान पुलिस को इस गिरोह की जानकारी मिली थी। इसके बाद छह सितंबर को ग्राम सरूरपुर में कार्रवाई करते हुए सावन पूनिया (20), सनी (20), विकास कुमार (24) और विक्रांत (21) को गिरफ्तार किया गया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन और अलग-अलग बैंकों की छह पासबुक मिलीं। बरामद पासबुक में तीन एसबीआई, एक यस बैंक, एक एक्सिस बैंक और एक केनरा बैंक की हैं।

पुलिस के मुताबिक, इन बैंक खातों का इस्तेमाल देश-विदेश में ऑनलाइन ठगी से प्राप्त रकम मंगाने और उसे निकालने के लिए किया जाता था। आरोपी इसके बदले साइबर ठगों से निश्चित प्रतिशत कमीशन लेते थे।

मामले में बरामदगी और साक्ष्यों के आधार पर थाना सरूरपुर में बीएनएस की धारा 318(4), 3(5) और आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

एक आरोपी वांछित: पुलिस के अनुसार, मामले में मवाना निवासी अनमोल अभी वांछित है। उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी गौरव, उपनिरीक्षक हिमांशु गौतम, उपनिरीक्षक अमित तोमर और कांस्टेबल सुमित कुमार शामिल रहे।