गणपति महोत्सव के तीसरे दिन रामलीला मैदान में देर रात तक चला भक्ति और संगीत का दौर
बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी
सरधना। हिंदू युवा संगठन के तत्वावधान में रामलीला मैदान में आयोजित 11वें गणपति महोत्सव के तीसरे दिन भजन संध्या का आयोजन हुआ। दिल्ली से आईं भजन गायिका राधिका किशोरी के भजनों पर श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ गणपति पूजन और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि गौरव गुप्ता (पेपर मिल), मनोज बंसल (भट्टे वाले), नीरज गुप्ता और सरदार सुखबीर सिंह रहे। मंच पर पहुंचने पर संगठन के पदाधिकारियों ने अतिथियों का पटका पहनाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया।
भजन संध्या में राधिका किशोरी ने गणपति बप्पा के भजनों की प्रस्तुति दी। उनके भजनों पर श्रद्धालुओं ने तालियों के साथ उत्साह बढ़ाया और पंडाल जय गणेश के जयकारों से गूंज उठा। उनके साथ मुख्य कलाकार सोनू शर्मा ने भी प्रस्तुति दी। दोनों कलाकारों की प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को देर रात तक बांधे रखा।
कार्यक्रम में अयोध्या के प्रभु श्रीराम और हनुमान जी की आकर्षक झांकी भी प्रस्तुत की गई। कलाकारों ने झांकी में पात्रों का जीवंत रूप प्रस्तुत किया, जिसे देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो गए। इस दौरान पंडाल जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम के अंत में देर रात महाआरती की गई और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर हिंदू युवा संगठन के अध्यक्ष अमन गुप्ता, ललित गुप्ता, अनिकेत गुप्ता, राकेश कुमार, राजकुमार जाटव, ओम गुप्ता, प्रमोद सक्सेना, अंकित बाली, रजत गोयल, विकास पाल, वंश गोयल, सिद्धार्थ पुष्पक, आशीष विश्वकर्मा, रितिक कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।


