cbamazon
उत्तर प्रदेश

राधा-कृष्ण के रूप में सजे नन्हे-मुन्नों ने बांधा समां, मटकी फोड़ में दिखा उत्साह

राधा-कृष्ण के रूप में सजे नन्हे-मुन्नों ने बांधा समां, मटकी फोड़ में दिखा उत्साह

एमएसबी इंटरनेशनल स्कूल में जन्माष्टमी पर रंगारंग कार्यक्रम, मटकी फोड़ प्रतियोगिता भी हुई

संवाददाता जावेद अब्बासी 

मेरठ। मलखान सिंह भारद्वाज मार्ग स्थित एमएसबी इंटरनेशनल स्कूल में बुधवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छोटे-छोटे बच्चे श्रीकृष्ण और राधा की पोशाक में सजकर पहुंचे। बच्चों ने आकर्षक नृत्य और मनमोहक झांकियों की प्रस्तुति देकर अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि आईसीएआर, नई दिल्ली के वैज्ञानिक डॉ. संदीप शर्मा ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कक्षा छह की छात्रा अस्मिता राज कौशिक ने राधा रानी का रूप धारण कर शानदार प्रस्तुति दी, जिसकी सभी ने सराहना की।मुख्य अतिथि डॉ. संदीप शर्मा ने कहा कि एमएसबी इंटरनेशनल स्कूल में बच्चों को शिक्षा के साथ खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से अपनी संस्कृति और राष्ट्रवाद से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बच्चों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों की सराहना की।विद्यालय के प्रधानाचार्य उमेश शर्मा ने बच्चों को भगवान श्रीकृष्ण के जन्म और उनकी लीलाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने श्रीकृष्ण के जीवन और गीता के उपदेशों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।विद्यालय के चेयरमैन अजय भारद्वाज ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें आशीर्वाद दिया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में बच्चों ने श्रीकृष्ण-राधा की लीलाओं पर आधारित विभिन्न नृत्य और झांकियां प्रस्तुत कीं। कृष्ण और गोपियों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।इस दौरान विद्यालय परिसर में मटकी फोड़ प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। बच्चों ने उत्साह के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। आयोजकों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य बच्चों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और धार्मिक विरासत से परिचित कराना है।कार्यक्रम का संचालन शालिनी गोयल और विभा शर्मा ने किया। उन्होंने बच्चों से विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और झांकियां प्रस्तुत कराईं।इस अवसर पर एमएसबी इंटरनेशनल स्कूल के डायरेक्टर डॉ. राजीव भारद्वाज, डॉ. रितिका भारद्वाज, एमएसबी इंस्टीट्यूट की प्रधानाचार्या दुर्गेश पालीवाल, प्रधानाचार्य उमेश शर्मा, रविंद्र शर्मा, शशि शर्मा, शालिनी गोयल, विभा शर्मा, आभा शर्मा, अनिका चौहान, प्रीति तोमर, नेहा, ईशा, मेघा, राधिका, दिव्या, मनोज सर समेत विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।