दो दिन से था लापता, परिजनों ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी
सरधना। झिटकरी गांव के जंगल में रविवार को रजवाहे में एक अधेड़ का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मेहरमती मीणा गांव निवासी 60 वर्षीय हरिकिशन पुत्र रामलाल के रूप में हुई।
परिजनों के अनुसार हरिकिशन शुक्रवार सुबह मजदूरी के लिए घर से निकले थे। इसके बाद वह लापता हो गए। शनिवार को परिजनों ने कोतवाली में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
रविवार को खेतों की ओर जा रहे किसानों ने गुरुद्वारे के पास रजवाहे में शव देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव बाहर निकलवाया। बाद में परिजनों ने उसकी पहचान की।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इंस्पेक्टर दिनेश प्रताप सिंह ने बताया कि मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि हरिकिशन झिटकरी कैसे पहुंचे।


