cbamazon
उत्तर प्रदेश

शोभित विश्वविद्यालय में नए विद्यार्थियों का भव्य स्वागत

शोभित विश्वविद्यालय में नए विद्यार्थियों का भव्य स्वागत

‘डिस्कवरयू 2026’ में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ विद्यार्थियों को दिया सफलता का मंत्र

संवाददाता जावेद अब्बासी 

मेरठ। शोभित विश्वविद्यालय, मेरठ में नए विद्यार्थियों के स्वागत के लिए दो दिवसीय ‘डिस्कवरयू 2026’ विद्यार्थी अभिमुखीकरण एवं परिचय कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ हुआ। ‘ड्रीम, डिस्कवर, डिलीवर’ थीम पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और करियर को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। विश्वविद्यालय के वरिष्ठ विद्यार्थियों ने नए विद्यार्थियों के स्वागत में फ्लैश मॉब, नृत्य, गायन और बांसुरी वादन समेत रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद विद्यार्थियों में उत्साह भर दिया।विश्वविद्यालय के कुलाधिपति कुंवर शेखर विजेंद्र ने नए विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय जीवन केवल डिग्री हासिल करने तक सीमित नहीं है। यह खुद को पहचानने, सपनों को दिशा देने और जीवन में उद्देश्य तय करने का अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने और लगातार सीखते रहने का आह्वान किया।कार्यक्रम में ‘ड्रीम बिगर : व्हाट विल यू बिकम बियॉन्ड योर डिग्री?’ विषय पर कुलाधिपति संवाद भी हुआ। इसमें विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय नेतृत्व के साथ सीधे संवाद किया और शिक्षा के साथ चरित्र, आत्मविश्वास, नेतृत्व तथा सामाजिक जिम्मेदारी के महत्व को समझा।इस दौरान ‘30 सेकंड्स ऑफ मी’, ‘वन ड्रीम’, ‘वन फियर’ और ‘वन स्ट्रेंथ आई ब्रिंग’ जैसी गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी खूबियों, सपनों और लक्ष्य को पहचानने का अवसर मिला। ‘मीट माय ट्राइब’ गतिविधि के जरिए नए विद्यार्थियों ने एक-दूसरे से परिचय किया और नई मित्रता की शुरुआत की।कार्यक्रम में ‘फ्यूचर एट वर्क’ विषय पर विशेष संवाद भी आयोजित हुआ। इसमें विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को बदलते रोजगार बाजार, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, उद्यमिता, नेतृत्व और आवश्यक व्यावसायिक कौशल के बारे में जानकारी दी। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों से बदलती तकनीक और कार्यक्षेत्र की जरूरतों के अनुसार खुद को लगातार अपडेट रखने की अपील की।इस अवसर पर कुलपति प्रो. वीके त्यागी, प्रति कुलपति प्रो. जयानंद, वासु शोभित, अभिनव शोभित, सुश्री वंशिका शेखर, वंश शेखर, उद्यमी रयान बोस सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी और विद्यार्थी मौजूद रहे।