cbamazon
उत्तर प्रदेश

शिकंजा: 88 परिसरों से मिली 115 किलोवॉट की चोरी



31 लाख 56 हजार रुपये का वसूला जुर्माना, प्राथमिकी कराई दर्ज
बुलन्द संदेश ब्यूरो
रामपुर। विद्युत चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने, विद्युत राजस्व में वृद्धि करने तथा विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से विशेष मॉर्निंग रेड एवं रात्रिकालीन विद्युत चेकिंग अभियान चलाया गया। यह विशेष अभियान जिला प्रशासन के सहयोग एवं पर्याप्त पुलिस बल की उपस्थिति में चारों विद्युत वितरण खंड, विद्युत नगरीय वितरण खंड कॉमर्शियल, स्वार, मिलक, बिलासपुर में व्यापक स्तर पर चलाया गया। 
अभियान के दौरान ऐसे परिसरों को विशेष रूप से चिन्हित कर सघन जांच की गई, जहां उपभोक्ताओं द्वारा अवैध रूप से तार डालकर अथवा अन्य अनधिकृत माध्यमों से विद्युत का उपभोग कर विद्युत चोरी किए जाने की शिकायत अथवा संभावना थी। विशेष चेकिंग अभियान के दौरान चारों विद्युत वितरण खण्डों में कुल 88 विद्युत चोरी के मामले पकड़े गए। जिनमें कुल 115  किलोवाट विद्युत भार की विद्युत चोरी का अनावरण हुआ। इन प्रकरणों में कुल 31.56 लाख का राजस्व निर्धारण किया गया। अधीक्षण अभियंता ने बताया कि स्वार में 26 किलोवाट 4.36 लाख, बिलासपुर में 7 किलोवाट 2.50 लाख, मिलक 22 किलोवाट 5.50 लाख, विद्युत नगरीय वितरण खंड कॉमर्शियल में 60 किलोवाट 19.20 लाख रुपये का जुर्माना डाला गया है। बताया कि अभियान के दौरान विद्युत चोरी में संलिप्त पाए गए उपभोक्ताओं के विरुद्ध विद्युत अधिनियम के प्रावधानों के अंतर्गत आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।