cbamazon
उत्तर प्रदेश

शिक्षक दिवस पर विद्यार्थियों ने दी रंगारंग प्रस्तुतियां

शिक्षक दिवस पर विद्यार्थियों ने दी रंगारंग प्रस्तुतियां

नृत्य, गीत, कविता और भाषण से शिक्षकों का जताया सम्मान, डायरेक्टर ने केक काटकर मनाया उत्सव

बुलन्द संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी 

सरधना। एसजी वर्ल्ड स्कूल में शनिवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से शिक्षकों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया। विद्यालय परिसर में पूरे दिन उत्साह और खुशी का माहौल बना रहा।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों द्वारा शिक्षकों के सम्मान में प्रस्तुतियों से हुई। बच्चों ने नृत्य, गीत, कविता और भाषण के माध्यम से गुरु के महत्व को बताया। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। शिक्षकों और अन्य विद्यार्थियों ने तालियां बजाकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।

विद्यालय के डायरेक्टर संजय चौधरी ने केक काटकर शिक्षक दिवस मनाया। उन्होंने सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

प्राचार्या डॉ. रुचि गुप्ता ने कहा कि माता-पिता के बाद शिक्षक ही बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं। शिक्षक केवल किताबी ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों को अनुशासन, नैतिक मूल्यों, संस्कार और आत्मविश्वास के साथ जीवन में आगे बढ़ने की सीख भी देते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता के पीछे शिक्षकों की मेहनत और मार्गदर्शन का महत्वपूर्ण योगदान होता है।

उन्होंने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं और विद्यार्थियों से शिक्षकों का सम्मान करने तथा उनके बताए अच्छे मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने एक-दूसरे को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों को खूब सराहना मिली। कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।