सेवा संकल्प अभियान के तहत पालिका ने आयोजित किया ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम
बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी
सरधना। नगर पालिका परिषद की ओर से गुरुवार को सेवा संकल्प अभियान और स्वच्छता ही सेवा-2026 के तहत पांडवकालीन शिव मंदिर में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। शाम छह बजे पालिका अध्यक्ष सबीला बेगम और अधिशासी अधिकारी दीपिका शुक्ला ने दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की। मंदिर परिसर सैकड़ों दीपों से जगमगा उठा।
इसके बाद नगर के देवी मंदिर, हनुमान मंदिर, राम तालैय्या मंदिर और शिव मंडी समेत अन्य मंदिरों में भी दीप जलाए गए। विभिन्न वार्डों के मंदिरों, चौराहों और पार्कों में भी पालिका की ओर से दीप प्रज्ज्वलित किए गए।
वेस्ट टू वंडर पार्क, आरआरआर और एमआरएफ सेंटर समेत अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी दीप जलाए गए। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पालिका टीम को वार्डवार जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
ईओ दीपिका शुक्ला ने कहा कि ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को सेवा, स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में पालिका के साथ नागरिकों की भागीदारी भी जरूरी है। सभी लोग अपने आसपास साफ-सफाई रखें और कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें।
कार्यक्रम में सूर्य देव त्यागी, पिंकी सोम, पंकज टाली, दीपक शर्मा, विमला अरोड़ा, सभासद शानू जैन, राहुल पाल, नेहा जैन, अंजलि, सोनू त्यागी सहित पालिका कर्मचारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।


