cbamazon
उत्तर प्रदेश

शीलकुंज में सातवें दिन भी धरना जारी, गेट पर हंगामा

शीलकुंज में सातवें दिन भी धरना जारी, गेट पर हंगामा

मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग पर अड़े निवासी, धरना खत्म कराने का दबाव बनाने का आरोप

बुलन्द संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी 

मेरठ।शीलकुंज कॉलोनी में मूलभूत समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर निवासियों का धरना रविवार को सातवें दिन भी जारी रहा। कॉलोनी के गेट पर उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब धरना समाप्त कराने के लिए पुलिस-प्रशासन के माध्यम से दबाव बनाए जाने का आरोप लगाया गया। इस दौरान धरना दे रहे निवासियों, पुलिस-प्रशासन और बिल्डर पक्ष के प्रतिनिधियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई।निवासियों का कहना है कि कॉलोनी में लंबे समय से कई मूलभूत समस्याएं बनी हुई हैं। इनमें सुरक्षा व्यवस्था, बिजली, पानी, एसटीपी और आवारा कुत्तों की समस्या प्रमुख है। आरोप है कि कई बार शिकायत और मांग करने के बावजूद समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया गया। इसी को लेकर निवासी पिछले सात दिनों से शांतिपूर्ण धरना दे रहे हैं।

समाधान के बजाय धरना खत्म कराने का आरोप

शीलकुंज न्याय एवं सुधार समिति के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि समस्याओं का समाधान करने के बजाय धरना समाप्त कराने का दबाव बनाया जा रहा है। रविवार को इसी बात को लेकर कॉलोनी के गेट पर दोनों पक्षों के बीच बहस हो गई। समिति का कहना है कि निवासी किसी विवाद या टकराव के पक्ष में नहीं हैं, बल्कि अपनी मूलभूत सुविधाओं और अधिकारों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठा रहे हैं।

समिति ने कहा कि जब तक कॉलोनी की समस्याओं के समाधान को लेकर ठोस और लिखित आश्वासन नहीं दिया जाता, तब तक धरना समाप्त नहीं किया जाएगा। समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि समस्याओं का स्थायी समाधान होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग

समिति ने पुलिस-प्रशासन से मामले में निष्पक्ष भूमिका निभाने की मांग की है। उनका कहना है कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी समस्याएं उठा रहे निवासियों पर धरना समाप्त करने का दबाव बनाने के बजाय संबंधित समस्याओं का समाधान कराया जाना चाहिए। समिति ने बिल्डर पक्ष से भी सुरक्षा, बिजली, पानी, एसटीपी और अन्य सुविधाओं को लेकर लंबित समस्याओं का समाधान कराने की मांग की।बड़ी संख्या में निवासी रहे मौजूद।रविवार को धरने में शीलकुंज न्याय एवं सुधार समिति के सदस्य अवनीश काजला, हरिओम कंसल, मनोज गर्ग, राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, प्रदीप सेठी, प्रज्ञा पंवार, प्रबल शैनी, नवदीप कुमार, हर्ष पुनिया, डॉ. विवेक राणा, ईशु वर्मा, आंचल चौधरी और कमल पुनिया समेत बड़ी संख्या में कॉलोनी निवासी मौजूद रहे। निवासियों ने कहा कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण है और समस्याओं का समाधान होने तक वह अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाते रहेंगे।