बुलन्द संदेश / लल्ला सलमानी,
बबराला (सम्भल) बबराला के राजघाट गंगा घाट आज रविवार को श्रावण मास की कांवड़ यात्रा के अंतर्गत कल पड़ने वाले दूसरे सोमवार को देखते हुए जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल एवं पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने राजघाट बबराला का स्थलीय निरीक्षण कर कांवड़ यात्रियों की सुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण एवं व्यवस्थित रखी जाएं। उन्होंने मजिस्ट्रेट ड्यूटी, घाट एवं उसके आसपास साफ-सफाई, सुरक्षा एवं सतर्कता को लेकर विशेष निर्देश दिए।

अधिकारियों ने घाट पर बैरीकेडिंग की व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था तथा पीए सिस्टम को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को आवश्यक सूचनाएं समय-समय पर उपलब्ध कराई जा सकें और किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सभी व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जाए तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी तरह सतर्क रहें।इस अवसर पर उपजिलाधिकारी गुन्नौर अवधेश कुमार, क्षेत्राधिकारी गुन्नौर, खण्ड विकास अधिकारी गुन्नौर कमलकांत, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत बबराला अमरेश तिवारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


