फड़ दुकानदारों से निर्धारित दर पर वसूली और रसीद देने के निर्देश, पैठ समाप्त होते ही विशेष सफाई अभियान चलाने को कहा
बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी
सरधना। नगर पालिका अधिशासी अधिकारी दीपिका शुक्ला ने रविवार को अशोक की लाट स्थित साप्ताहिक पैठ बाजार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बाजार में व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ पैठ में लगने वाली दुकानों से की जा रही वसूली की भी जांच की।निरीक्षण के दौरान कपड़े, फल-सब्जी और अन्य सामान की बड़ी संख्या में फड़ लगी मिलीं। अधिक संख्या में दुकानदारों के पहुंचने के कारण बाजार में भीड़ भी रही। अधिशासी अधिकारी ने कई फड़ पर पहुंचकर वसूली की रसीदों और वसूली कार्य की जांच की।
उन्होंने वसूली में लगे कर्मचारियों को निर्देश दिए कि पैठ की वसूली पूरी पारदर्शिता के साथ शासन द्वारा निर्धारित दरों के अनुसार ही की जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि अधिक वसूली, अवैध वसूली या किसी अन्य प्रकार की अनियमितता मिलने पर संबंधित कर्मचारी या वसूलीकर्ता के खिलाफ सख्त विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ईओ ने दुकानदारों से भी अपील की कि वे अपनी दुकानें सड़क पर इस तरह न लगाएं, जिससे यातायात और आम लोगों के आवागमन में परेशानी हो। उन्होंने दुकानदारों से बाजार को व्यवस्थित रखने में पालिका प्रशासन का सहयोग करने को कहा।
सफाई व्यवस्था को लेकर अधिशासी अधिकारी ने सफाई नायक को निर्देश दिए कि पैठ समाप्त होने के तुरंत बाद पूरे क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाकर कूड़े का निस्तारण कराया जाए। उन्होंने कहा कि साप्ताहिक पैठ बाजार को स्वच्छ और व्यवस्थित रखना पालिका की प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान सफाई पटल प्रभारी मुनीश कुमार, अमित कुमार पार्चा, कमल कुमार, कार्यवाहक सफाई नायक हरपाल सिंह, अजीम सैफी, पंकज पाल समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।


