cbamazon
उत्तर प्रदेश

सिवालखास में दवाओं का काला कारोबार! गोदाम से 25 लाख की एक्सपायर दवाएं बरामद

सिवालखास में दवाओं का काला कारोबार! गोदाम से 25 लाख की एक्सपायर दवाएं बरामद

नकली लेबल के चार रोल मिले, जानी पुलिस और औषधि विभाग की संयुक्त कार्रवाई में गोदाम संचालक गिरफ्तार

संवाददाता जावेद अब्बासी 

जानी। सिवालखास कस्बे में जानी पुलिस और औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने एक गोदाम पर छापा मारकर करीब 25 लाख रुपये कीमत की एक्सपायर दवाएं बरामद कीं। गोदाम से दवाओं के चार पीवीसी प्रिंटेड लेबल रोल भी मिले। पुलिस ने गोदाम संचालक को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के अनुसार, एक सितंबर को जानी पुलिस को सूचना मिली थी कि सिवालखास में एक गोदाम में अवैध और एक्सपायर दवाएं रखी हुई हैं। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर अधिकारियों को जानकारी दी। इसके बाद औषधि विभाग की टीम के साथ संयुक्त रूप से गोदाम की जांच की गई।जांच के दौरान गोदाम में बड़ी मात्रा में एक्सपायर एलोपैथिक और आयुर्वेदिक दवाएं मिलीं। इसके अलावा दवाओं पर चिपकाने के लिए इस्तेमाल होने वाले पीवीसी प्रिंटेड लेबल के चार रोल भी बरामद किए गए। टीम ने गोदाम संचालक मौ. असलम से दवाओं के खरीद-बिक्री और भंडारण से संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध कागजात या औषधि विक्रय लाइसेंस नहीं दिखा सका।औषधि विभाग की टीम ने करीब 25 लाख रुपये कीमत की दवाओं और अन्य सामान को सीज कर दिया। बरामद दवाओं में टैबलेट, कैप्सूल, सिरप, क्रीम, जेल, स्प्रे और इंजेक्शन समेत कई तरह की औषधियां शामिल हैं।मामले में थाना जानी में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो सितंबर को सिवालखास निवासी 38 वर्षीय मौ. असलम पुत्र सलीमुद्दीन को उसके गोदाम से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक गौरव कुमार विश्नोई,उपनिरीक्षक नितिन कुमार, हेड कांस्टेबल सचिन यादव और कांस्टेबल वसीम शामिल रहे।