बुलन्द संदेश ब्यूरो
थाना स्टाफ को भी सौंपा गया निमंत्रण पत्र । शिविर में होगी भोलो की सेवा ।
धौलाना । संजीव वशिष्ठ ।
श्रावण मास के दौरान कांवड़ यात्रियों की सेवा के लिए शिव युवा शक्ति दल द्वारा चंडी मंदिर के निकट हनुमान मूर्ति परिसर पिलखुवा में आयोजित होने वाले तीन दिवसीय विशाल कांवड़ सेवा शिविर की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में शिव युवा शक्ति दल के पदाधिकारियों ने धौलाना थाने पहुंचकर थानेदार अवनीश शर्मा और समस्त पुलिस स्टाफ को शिविर में आगमन एवं भोले भक्तों की सेवा के लिए आमंत्रित किया।
शिविर आयोजक मंडल के सदस्यों ने थानेदार अवनीश शर्मा को निमंत्रण पत्र सौंपते हुए बताया कि यह सेवा शिविर पिछले करीब दो दशकों से निरंतर आयोजित किया जा रहा है। शिविर का उद्देश्य कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौटने वाले शिवभक्तों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी सेवा करना है।

आयोजकों के अनुसार तीन दिवसीय शिविर में कांवड़ यात्रियों के लिए भोजन, विश्राम, पेयजल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। शिविर के सफल संचालन के लिए विभिन्न स्तरों पर तैयारियां की जा रही हैं।
इस अवसर पर शिविर आयोजक मंडल से पत्रकार पवन कौशिक, सचिन शर्मा, मोहित शर्मा सहित अन्य लोग अपनी सहभागिता दे रहे है । आयोजकों ने पुलिस प्रशासन से भी शिविर के दौरान आवश्यक सहयोग की अपेक्षा जताई। धौलाना थानेदार अवनीश शर्मा ने आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए व्यवस्था में आवश्यक सहयोग का भरोसा दिलाया।


