स्वच्छता ही सेवा अभियान का शुभारंभ, पौधारोपण कर लोगों को दिलाई स्वच्छता की शपथ
बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी
सरधना। नगर पालिका में बुधवार को स्वच्छता ही सेवा-2026 और सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पालिका के वेस्ट टू वंडर पार्क में हुई। अधिशासी अधिकारी दीपिका शुक्ला के नेतृत्व में सभासदों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य लोगों ने श्रमदान कर पार्क की सफाई की।
इस दौरान एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण भी किया गया। अधिशासी अधिकारी ने मौजूद लोगों को घर, दुकान और आसपास कूड़ा न डालने तथा नगर को स्वच्छ रखने की शपथ दिलाई। उन्होंने लोगों से स्वच्छता अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
इसके बाद नगर पालिका द्वारा संचालित आरआरआर (Reduce, Reuse, Recycle) सेंटर और एमआरएफ (Material Recovery Facility) सेंटर का भ्रमण कराया गया। ईओ ने सभासदों और जनप्रतिनिधियों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की प्रक्रिया की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि घर-घर से एकत्र कूड़े को एमआरएफ सेंटर पर लाकर गीले और सूखे कचरे को अलग किया जाता है। प्लास्टिक, कागज और कपड़े जैसी सामग्री को आरआरआर सेंटर के माध्यम से दोबारा उपयोग के योग्य बनाया जाता है। अनुपयोगी सामग्री से वेस्ट टू आर्ट के तहत सजावटी सामान और वेस्ट टू वंडर पार्क तैयार किया गया है।
ईओ दीपिका शुक्ला ने कहा कि पालिका का लक्ष्य सरधना को कचरा मुक्त और जीरो वेस्ट नगर बनाना है। इसके लिए नागरिकों की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने लोगों से कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने और सफाई व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम में शावेज अंसारी, सभासद शानू जैन, राहुल पाल, खालिद अंसारी, शाहिद मलिक, विपिन कुमार शर्मा, मनीष कुमार, सोहनवीर सिंह, शिवानी शर्मा, अजमत सुल्तान, आस्था छाबड़ा, कमल कुमार, अजीम सैफी, विकास कुमार, अमित चौटाला सहित पालिका कर्मचारी और सफाई मित्र मौजूद रहे।


