cbamazon
उत्तर प्रदेश

सलावा खेल विवि के निर्माण में तेजी के निर्देश, मंत्री ने परखी प्रगति

सलावा खेल विवि के निर्माण में तेजी के निर्देश, मंत्री ने परखी प्रगति

एथलेटिक ट्रैक, छात्रावास, फुटबाल और हाकी मैदान का किया निरीक्षण

संवाददाता जावेद अब्बासी 

सरधना। सलावा में निर्माणाधीन मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय को खेल प्रतिभाओं के बड़े केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। बुधवार को खेल एवं युवा कल्याण विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने विश्वविद्यालय परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी लेते हुए काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।

मंत्री ने प्रशासनिक और शैक्षणिक भवन, छात्रावास, इंडोर स्पोर्ट्स कांप्लेक्स, एथलेटिक ट्रैक, फुटबाल और हाकी मैदान का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणदायी संस्था के अधिकारियों से कार्यों की जानकारी ली और अतिरिक्त मानव संसाधन व मशीनरी लगाकर निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने को कहा।

उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय केवल भवनों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। यहां खेल शिक्षा, प्रशिक्षण और अनुसंधान की बेहतर सुविधाएं विकसित की जाएं, ताकि प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर मिल सके। निर्माण कार्य तय समयसीमा में पूरा कराने के लिए कार्यवार निगरानी और प्रभावी कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।

छात्रावासों की सुविधाएं भी देखीं

मंत्री ने हेल्थ सेंटर और प्रशासनिक भवन के बाद शैक्षणिक भवन और कक्षाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक सुविधाएं आधुनिक होने के साथ खेल शिक्षा और प्रशिक्षण की जरूरतों के अनुरूप होनी चाहिए।बालक और बालिका छात्रावासों में बन रहे तीन-सीटर कमरों का भी निरीक्षण किया गया। इस दौरान बिजली, प्रकाश, पानी, स्वच्छता और वेंटिलेशन की व्यवस्था की जानकारी ली गई। मंत्री ने विद्यार्थियों को सुरक्षित और सुविधाजनक आवासीय माहौल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

 

मैदानों की तैयारी जल्द पूरी कराने को कहा

 

पॉकेट-2 में निर्माणाधीन खेल सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए मंत्री ने एथलेटिक ट्रैक, इंडोर स्पोर्ट्स कांप्लेक्स, फुटबाल और हाकी मैदान की प्रगति देखी। उन्होंने इन कार्यों को जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए।

बाद में सभा कक्ष में लोक निर्माण विभाग और विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से निर्माण कार्यों का प्रस्तुतिकरण दिया गया। मंत्री ने विश्वविद्यालय प्रशासन, लोक निर्माण विभाग और निर्माणदायी संस्था के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया।उन्होंने कहा कि निर्माण में तेजी जरूरी है, लेकिन गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और तकनीकी मानकों से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा की जाए और सामने आने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान कराया जाए।

मंत्री ने कहा कि मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय प्रदेश में खेल शिक्षा को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यहां युवाओं को खेल शिक्षा, प्रशिक्षण और अनुसंधान के बेहतर अवसर मिलेंगे।निरीक्षण के दौरान खेल विभाग के सचिव सुहास एलवाई, कुलपति मेजर जनरल दीप अहलावत, वित्त अधिकारी पंकज कुमार चतुर्वेदी, कुलसचिव सुनील कुमार झा, मुख्य अभियंता अवधेश शरण चौरसिया, अधिशासी अभियंता मोहम्मद आरिफ, विद्युत अधिशासी अभियंता दीपक अग्रवाल समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।