निजी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे विधायक, पुलिस को दी घटना की जानकारी
सरधना। सलावा गांव में बुधवार को मुस्लिम समाज के एक व्यक्ति के यहां आयोजित निजी कार्यक्रम में पहुंचे सरधना विधायक अतुल प्रधान की एक युवक से कहासुनी हो गई। आरोप है कि युवक ने विधायक के साथ अभद्रता की। मामला बढ़ने से पहले ही विधायक अपनी गाड़ी से वहां से रवाना हो गए। विधायक ने घटना की जानकारी पुलिस को दी है।
ग्रामीणों के अनुसार, बुधवार को सलावा गांव में मुस्लिम समाज के एक व्यक्ति के यहां निजी कार्यक्रम था। इसमें सरधना विधायक अतुल प्रधान भी शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब विधायक बाहर निकले तो गांव के ही एक युवक से किसी बात को लेकर उनकी कहासुनी हो गई।
आरोप है कि कहासुनी के दौरान युवक ने विधायक के साथ अभद्रता की। मौके पर स्थिति बिगड़ने से पहले ही विधायक अपनी गाड़ी में बैठकर वहां से चले गए।
विधायक अतुल प्रधान ने बताया कि एक युवक ने उनके साथ अभद्रता की थी। उन्होंने घटना की जानकारी सरधना प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रताप सिंह को दे दी है। विधायक ने कहा कि कुछ युवक सत्ता के नशे में इस तरह की हरकत करते हैं।
वहीं, पुलिस की ओर से मामले में किसी कार्रवाई की जानकारी नहीं दी गई है। घटना को लेकर गांव में चर्चा बनी हुई है।


