भूनी में हवन-यज्ञ कर लंबी उम्र की कामना, सीएचसी में अंगदान की शपथ लेकर मरीजों को बांटे फल
बुलंद संदेश ब्यूरो जावेद अब्बासी
सरूरपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर गुरुवार को सरूरपुर क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं ने विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए। भूनी गांव में हवन-यज्ञ कर प्रधानमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की गई। वहीं सरूरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्वास्थ्यकर्मियों ने अंगदान की शपथ ली और लोगों को इसके प्रति जागरूक किया।
मेरठ-करनाल हाईवे स्थित भूनी गांव की अवध कॉलोनी में भाजपा नेता और जिला सहकारी बैंक के पूर्व चेयरमैन चौधरी मनिंदर पाल सिंह के कार्यालय पर हवन-यज्ञ कराया गया। पंडित ने मंत्रोच्चार के साथ हवन कराया। भाजपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने यज्ञ में आहुतियां देकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अच्छे स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना की।
कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के चित्र पर फल चढ़ाए और एक-दूसरे को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के बाद प्रसाद वितरित किया गया।
सीएचसी में अंगदान की शपथ
सरूरपुर सीएचसी में भी प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर कार्यक्रम हुआ। भाजपा कार्यकर्ताओं और अस्पताल के स्टाफ ने अंगदान की शपथ ली। इस दौरान लोगों को अंगदान के महत्व की जानकारी देकर इसके लिए जागरूक किया गया। मरीजों को फल भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष आदेश कसाना, मदनपाल सिंह, रजनीश त्यागी, उदयवीर कश्यप, डॉ. अश्वनी कुमार, डॉ. सोनिया ढाका, डॉ. प्रखर जैन, चौधरी जयवीर सिंह, सहदेव पूनिया, रवि बटजेवरा, आदित्य कुमार, कपिल पूनिया और गौतम चौधरी समेत कई लोग मौजूद रहे।


