दो दिन से लापता था भूपेंद्र, घर से करीब 50 मीटर दूर मिला शव; परिजनों ने हत्या की आशंका जताकर किया हंगामा
सरधना।थाना क्षेत्र के अटेरना गांव में दो दिन से लापता 40 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक का शव घर से करीब 50 मीटर की दूरी पर कूड़ी में दबा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मृतक की पहचान भूपेंद्र पुत्र हरफूल (40) निवासी अटेरना के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार भूपेंद्र पिछले दो दिनों से लापता था। काफी तलाश के बाद उसका शव घर के पास कूड़ी में दबा मिला। परिजनों ने युवक की हत्या की आशंका जताई है।शव मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने मौके पर हंगामा करते हुए घटना का खुलासा करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को निष्पक्ष जांच और जल्द कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया।
एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि अटेरना गांव में युवक का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने के साथ ही घटना में शामिल लोगों की जानकारी जुटा रही है।


