मुठभेड़ में दो आरोपी पैर में गोली लगने से घायल, तमंचा-कारतूस, गोकशी के उपकरण और पिकअप बरामद
सरधना। थाना सरधना पुलिस ने खिर्वा जलालपुर के जंगल में हुई गोकशी की घटना का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान दो आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैर में गोली लगी। घायल आरोपियों को उपचार के लिए सीएचसी सरधना भेजा गया।पुलिस के अनुसार 29 अगस्त की रात खिर्वा जलालपुर के जंगल में गोकशी की घटना हुई थी। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान फिरोज निवासी खिर्वा जलालपुर, गुलफाम निवासी असौड़ा हापुड़, गुफरान निवासी हापुड़ और सलमान उर्फ अट्टा निवासी खिर्वा जलालपुर के नाम सामने आए।पुलिस ने सलमान उर्फ अट्टा को खिर्वा टेंपो स्टैंड से गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद पुलिस ने बहादरपुर-दुर्वेशपुर संपर्क मार्ग से महिंद्रा पिकअप में सवार फिरोज, गुलफाम और गुफरान को भी गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के मुताबिक गोकशी में इस्तेमाल उपकरण बरामद करने के लिए फिरोज और गुलफाम को बताए स्थान पर ले जाया गया। इसी दौरान दोनों ने छिपाकर रखे तमंचे निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें फिरोज के दाहिने पैर और गुलफाम के बाएं पैर में गोली लगी।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से .315 बोर का तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस, गोकशी के उपकरण तथा घटना में प्रयुक्त महिंद्रा पिकअप बरामद की है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के खिलाफ पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं।पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई में थाना सरधना पुलिस के साथ स्वाट टीम देहात की टीम भी शामिल रही।


