महिलाओं और पुरुषों ने कराई जांच, निशुल्क दवाइयां भी मिलीं
संवाददाता जावेद अब्बासी
सरधना। होम्योपैथिक विभाग मेरठ की ओर से संचालित ‘आयुष आपके द्वार’ अभियान के तहत पूर्व चेयरमैन निजाम अंसारी के आवास पर निशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर लगाया गया। शिविर में बड़ी संख्या में महिलाओं, पुरुषों और बुजुर्गों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराई।
शिविर का शुभारंभ पूर्व चेयरमैन निजाम अंसारी,सुहैल इशाक कुरैशी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। डॉ. विपिन सर (BHMS) और डॉ. साकिब शाकर (PHC) ने मरीजों की जांच कर उन्हें चिकित्सकीय परामर्श दिया। इस दौरान बीपी और शुगर की जांच के साथ सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया।
जांच के बाद जरूरतमंद मरीजों को निशुल्क होम्योपैथिक दवाइयां वितरित की गईं। चिकित्सकों ने लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, खान-पान पर ध्यान देने और बीमारी के लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करने की सलाह दी।
पूर्व चेयरमैन निजाम अंसारी ने कहा कि स्वस्थ समाज के लिए इस तरह के निशुल्क चिकित्सा शिविर महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने चिकित्सा विभाग की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से जरूरतमंद लोगों को घर के पास ही जांच, परामर्श और दवाइयों की सुविधा मिलती है।


