बुलंद संदेश ब्यूरो
शिकारपुर। सरस्वती विद्या मंदिर लॉ कॉलेज, शिकारपुर में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के निर्देशानुसार, नीति आयोग की संस्तुति तथा श्री टेलीकेयर फाउंडेशन के सहयोग से संचालित 'आनंदी मां–एक जीवन बचाओ अभियान' के अंतर्गत कैंसर मुक्त भारत यात्रा 2026-27 के तहत आयोजित तीन दिवसीय सर्वाइकल कैंसर जागरूकता कार्यक्रम का 7 अगस्त को समापन हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं एवं महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर के कारण, लक्षण, बचाव तथा समय पर जांच के महत्व के प्रति जागरूक करना था। वरिष्ठ प्रवक्ता श्वेता सिंह ने विषय पर विस्तृत जानकारी देते हुए स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। इस दौरान विद्यार्थियों ने पोस्टर एवं स्लोगन प्रतियोगिताओं में भाग लिया तथा जागरूकता रैली निकालकर आमजन को कैंसर से बचाव और नियमित जांच के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार सिंह ने सभी शिक्षकों, संयोजकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए ऐसे जागरूकता अभियानों को समाजहित में अत्यंत उपयोगी बताया।


