cbamazon
उत्तर प्रदेश

विनायक विद्यापीठ में टीपीओ मीट-2026, छात्रों के कौशल विकास पर मंथन

विनायक विद्यापीठ में टीपीओ मीट-2026, छात्रों के कौशल विकास पर मंथन

विभिन्न शिक्षण संस्थानों के ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट विशेषज्ञों ने साझा किए अनुभव, रोजगार के लिए व्यावहारिक कौशल पर दिया जोर

बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी 

मोदीपुरम। विनायक विद्यापीठ में टीपीओ मीट-2026 का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट अधिकारियों और विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में छात्रों के कौशल विकास, प्रशिक्षण, करियर मार्गदर्शन और रोजगार के बेहतर अवसरों को लेकर चर्चा हुई।

कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में केवल डिग्री हासिल करना पर्याप्त नहीं है। छात्रों को तकनीकी ज्ञान के साथ व्यावहारिक कौशल, बेहतर कम्युनिकेशन स्किल, इंटर्नशिप और इंडस्ट्री की जरूरतों के अनुसार खुद को तैयार करना जरूरी है।

मुख्य वक्ताओं में डॉ. आरएस सेंगर, निदेशक ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट, एसवीपीयूएटी; डॉ. अभिषेक डबास, निदेशक ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट, शोभित यूनिवर्सिटी; प्रो. डॉ. बीएनएस जग्गी, निदेशक एचआर एवं प्लेसमेंट ऑफिसर, सीईआरटी एवं एसआरजीआई मेरठ; अभिषेक वर्मा, विभागाध्यक्ष ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट, आईआईएमटी; डॉ. पंकज कुमार, ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट, एससीआरआईईटी, चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय परिसर और प्रवीण शर्मा, ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट प्रभारी, रुद्रा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस शामिल रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत विनायक विद्यापीठ की प्रिंसिपल एवं रुद्रा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की एकेडमिक डायरेक्टर डॉ. अनुप्रिता शर्मा ने अतिथियों के स्वागत के साथ की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन शिक्षण संस्थानों के बीच अनुभव साझा करने और छात्रों को रोजगार के लिए बेहतर तरीके से तैयार करने में मददगार हैं।

निदेशक इंजीनियर विकास कुमार ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार जताया। समापन पर संस्थान की ओर से अतिथियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन मैनेजमेंट विभागाध्यक्ष सुनील कुमार ने किया। इस दौरान संस्थान के अधिकारी, शिक्षक, फैकल्टी सदस्य और ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट विभाग के प्रतिनिधि मौजूद रहे।