यूपी में अपराध नहीं थम रहा, कानून व्यवस्था बर्बाद: जयवीर
क्रासर
जलभराव समेत विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर सरकार पर निशाना साधा
बुलन्द संदेश ब्यूरो
मुरादाबाद।जिला समाजवादी पार्टी की बैठक सोमवार को सिविल लाइंस स्थित पार्टी कार्यालय पर आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव ने की। इस दौरान प्रदेश की कानून व्यवस्था, महंगाई,बिजली-पानी की समस्या और बारिश के बाद शहर में जलभराव समेत विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर सरकार पर निशाना साधा गया।
जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव ने कहा कि प्रदेश में अपराध लगातार बढ़ रहा है।कानून व्यवस्था पूरी तरह बर्बाद हो चुकी है।रोजमर्रा की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों के कारण आम आदमी परेशान है। बिजली और पानी की किल्लत के साथ बारिश के बाद स्मार्ट सिटी मुरादाबाद में जगह-जगह जलभराव की समस्या लोगों के लिए मुसीबत बनी हुई है। आरोप लगाया कि सरकार जनसमस्याओं के समाधान के बजाय हिंदू-मुस्लिम, मंदिर-मस्जिद और भारत-पाकिस्तान जैसे मुद्दों में जनता को उलझाने का काम कर रही है।कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों से किसान, मजदूर, युवा, व्यापारी, हस्तशिल्प कारोबारी और निर्यातक समेत समाज का विभिन्न वर्ग प्रभावित है।शिक्षा, रोजगार और किसानों से जुड़े मुद्दों को भी उठाया।जयवीर यादव ने कहा कि लंबे समय से उत्पीड़न और उपेक्षा झेल रहे लोग अब जागरूक हो चुके हैं।किसी के बहकावे में नहीं आएंगे।जिला महासचिव फुरकान अली ने कहा कि जनता की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने आरोप कि अल्पसंख्यक, पिछड़े और दलित समाज के साथ अन्याय बढ़ रहा है। कहा कि पीडीए अपनी एकजुटता दिखाएगा और सामाजिक न्याय एवं सौहार्द की स्थापना के लिए संघर्ष करेगा।बैठक में आसकार अली पाशा, नौशाद पाशा, चौ. अमान उल्ला खान, विक्रम सिंह यादव, मोईनुद्दीन, नवीन यादव, प्रदीप यादव, तालिब अंसारी, नबी हसन, जहांनउल्ला खान, लुकमान खान, सुरेंद्र शर्मा, प्रेमबाबू वाल्मीकि, सलीम अख्तर, महमूद हसन, गौरव चौहान, हारून पाशा, हितेश यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


