cbamazon
उत्तर प्रदेश

यातायात नियम तोड़ने वालों पर चला पुलिस का डंडा, 26,170 चालान

यातायात नियम तोड़ने वालों पर चला पुलिस का डंडा, 26,170 चालान

अगस्त में कार्रवाई से 35.43 लाख रुपये शमन शुल्क वसूला, ओवरस्पीडिंग के 3,520 और बिना हेलमेट के 14,972 चालान

बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी 

मेरठ। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ मेरठ पुलिस ने अगस्त माह में विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक यातायात के पर्यवेक्षण में एक अगस्त से 31 अगस्त तक चले अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने कुल 26,170 चालान किए। इनसे 35 लाख 43 हजार 600 रुपये शमन शुल्क प्राप्त हुआ।

सबसे अधिक कार्रवाई बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ की गई। पुलिस ने बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने पर 14,972 चालान किए। इसके अलावा निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने पर 3,520, रॉन्ग साइड या गलत लेन में वाहन चलाने पर 1,326 और अवैध पार्किंग के मामले में 1,241 चालान किए गए।

दोपहिया वाहन पर तीन सवारी बैठाने के मामले में 1,184 चालान, बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने पर 745, बिना प्रदूषण प्रमाण पत्र के 441 तथा बिना एचएसआरपी या दूषित नंबर प्लेट के 645 चालान किए गए। अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन में भी 2,096 चालान किए गए।

पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान वाहन चालकों और आम लोगों को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा और सड़क अनुशासन के प्रति जागरूक भी किया गया। पुलिस का कहना है कि यातायात नियमों का पालन कराने के साथ लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करना भी अभियान का उद्देश्य रहा।

आगामी त्योहारों, मेलों और धार्मिक आयोजनों को देखते हुए पुलिस ने संदिग्ध वाहनों की चेकिंग और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं। यातायात पुलिस के अनुसार यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से हेलमेट पहनने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, गलत दिशा में वाहन न चलाने और सड़क पर अतिक्रमण व अवैध पार्किंग से बचने की अपील की है। यातायात संबंधी समस्या या सुझाव के लिए ट्रैफिक कंट्रोल नंबर 9454404000 पर संपर्क किया जा सकता है।