विवेचना में नाम सामने आने के बाद पुलिस ने घर से पकड़ा, पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में दर्ज है मुकदमा
सरूरपुर। युवती को बहला-फुसलाकर ले जाने और दुष्कर्म के मामले में सरूरपुर पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को शुक्रवार को उसके घर से पकड़ा। आरोपी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार 16 जुलाई को एक व्यक्ति ने थाने में तहरीर देकर बताया था कि उसकी बहन को ग्राम जसड़ सुल्ताननगर निवासी अकबर, सनव्वर, जावेद और नावाजिस बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गए हैं। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान सामने आए साक्ष्यों और बयानों के आधार पर मुकदमे में धारा 87 बीएनएस को हटाकर धारा 137(2), 65(1) बीएनएस और 16/17 पॉक्सो एक्ट की बढ़ोतरी की गई।
जांच के दौरान ग्राम जसड़ सुल्ताननगर निवासी सलमान पुत्र जुल्फकार का नाम प्रकाश में आया। पुलिस टीम ने शुक्रवार को सलमान को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की उम्र 29 वर्ष है।
कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी गौरव सिंह, उपनिरीक्षक शैलेंद्र सिंह और कांस्टेबल सुमित कुमार शामिल रहे।


