बरेली में पंचायत बनी खूनी कांड: सास-साले की हत्या के आरोपी दामाद को पुलिस ने मुठभेड़ में किया ढेर
Buland Sandesh/ Shahvez Khan
बरेली में पारिवारिक विवाद को सुलझाने के लिए बुलाई गई पंचायत खूनी घटना में बदल गई। कई साल पहले अफसर खां को अपनी चचेरी बहन सायमा से प्रेम हो गया था और tवर्ष 2017 में दोनों ने परिवार की मर्जी के खिलाफ शादी कर ली थी। शादी के बाद उनके दो बच्चे भी हुए, लेकिन समय के साथ दोनों के बीच घरेलू खर्च और अन्य बातों को लेकर अक्सर विवाद होने लगा।
बताया जाता है कि 16 मार्च को दोनों पक्षों के बीच चल रहे विवाद को सुलझाने के लिए इलाके के सर्राफा कारोबारी और सपा नेता राशिद खां के बंगले पर पंचायत बुलाई गई। अफसर और सायमा अपने-अपने परिजनों के साथ वहां पहुंचे। पंचायत के दौरान बातचीत शुरू हुई, लेकिन माहौल जल्दी ही गरमा गया। इसी दौरान अफसर के साले आदिल ने उसे चप्पल मार दी, जिससे मामला और भड़क गया।
बताया जा रहा है कि गुस्से में आए अफसर ने कमर से चाकू निकाल लिया और वहां मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। भगदड़ के बीच उसने अपने साले आदिल और सास आसमां पर ताबड़तोड़ चाकू से वार किए। इसी दौरान बीच-बचाव के लिए सामने आई पत्नी सायमा पर भी उसने कई वार कर दिए और मौके से फरार हो गया।
घटना में गंभीर रूप से घायल सास आसमां और साले आदिल की थोड़ी देर बाद ही मौत हो गई, जबकि सायमा को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उधर पुलिस ने आरोपी अफसर उर्फ बौरा की तलाश शुरू कर दी थी। मंगलवार सुबह पुलिस और आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें पुलिस ने उसे मार गिराया। बताया जा रहा है कि सोमवार शाम पंचायत के दौरान हुए इस दोहरे हत्याकांड के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।


