cbamazon
Big News

चाइनीज मांझे के खिलाफ व्यापार मंडल का अभियान, खरीद-बिक्री न करने की अपील

चाइनीज मांझे के खिलाफ व्यापार मंडल का अभियान, खरीद-बिक्री न करने की अपील

शाहवेज़ खान / बुलन्द संदेश 

 

संभल। आगामी त्योहारों और पतंगबाजी के सीजन को देखते हुए अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की युवा इकाई ने जानलेवा चाइनीज मांझे के खिलाफ अभियान शुरू किया। नगर अध्यक्ष अनुज वार्ष्णेय 'अन्नू' के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने नगर के प्रमुख बाजारों में व्यापारियों और आम लोगों से संपर्क कर चाइनीज मांझे की खरीद-बिक्री पूरी तरह बंद करने की अपील की।

नगर अध्यक्ष अनुज वार्ष्णेय 'अन्नू' ने कहा कि प्लास्टिक और केमिकल युक्त चाइनीज मांझा इंसानों और बेजुबान पक्षियों के लिए बेहद खतरनाक है। इसकी वजह से आए दिन गले कटने और गंभीर हादसों की घटनाएं सामने आती हैं। उन्होंने व्यापारियों से केवल सुरक्षित और स्वदेशी सूती धागे (सद्दी) की बिक्री करने का आग्रह किया।

व्यापार मंडल ने चेतावनी दी कि यदि कोई दुकानदार चोरी-छिपे चाइनीज मांझा बेचता पाया गया तो उसके खिलाफ प्रशासन से कार्रवाई की मांग की जाएगी। जिला महामंत्री प्रभात कृष्णा ने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों को किसी भी स्थिति में चाइनीज मांझे का उपयोग न करने दें।

इस दौरान लकी वार्ष्णेय, रमाकांत शर्मा, निशांत शर्मा, अतुल कश्यप, गोविंद वार्ष्णेय, तस्लीम खान, बिट्टू माली, मारूफ़ सहित व्यापार मंडल के पदाधिकारी और स्थानीय व्यापारी मौजूद रहे। सभी ने सामूहिक रूप से चाइनीज मांझे का बहिष्कार करने का संकल्प लिया।