सम्भल (बहजोई), 03 सितम्बर 2026*
उत्तर प्रदेश सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग द्वारा शिक्षित एवं कुशल युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना संचालित की जा रही है। जनपद सम्भल में जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केंद्र के माध्यम से योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। योजना का मुख्य उद्देश्य स्थानीय स्तर पर रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं को रोजगार पाने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला उद्यमी बनाना है।
उपायुक्त उद्योग मुकेश कुमार ने बताया कि योजना के अंतर्गत उद्योग एवं सेवा क्षेत्र की परियोजनाओं के लिए ₹5 लाख तक का ऋण उपलब्ध कराया जाता है। ऋण 100 प्रतिशत ब्याजमुक्त है तथा इसके लिए किसी बैंक गारंटी की आवश्यकता नहीं है। परियोजना लागत का 10 प्रतिशत मार्जिन मनी अनुदान सरकार द्वारा दिया जाता है। योजना में आवेदन के लिए आवेदक की आयु 21 से 40 वर्ष के बीच तथा न्यूनतम शैक्षिक योग्यता कक्षा 8वीं पास होना अनिवार्य है। इसके साथ ही मान्यता प्राप्त संस्थान से कौशल प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र, जैसे आईटीआई, ओडीओपी प्रशिक्षण अथवा अन्य सरकारी कौशल प्रशिक्षण आदि होना आवश्यक है।
तीन वर्षों में 1,822 इकाइयां स्थापित
उपायुक्त उद्योग श्री मुकेश कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के अंतर्गत जनपद सम्भल में वर्ष 2024-25 में 226 इकाइयां, वर्ष 2025-26 में 1,160 इकाइयां तथा वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक 436 इकाइयां स्थापित की गई हैं। इस प्रकार कुल 1,822 इकाइयां स्थापित कर युवाओं को योजना से लाभान्वित किया गया है।
जनपद में आटा चक्की, ऑयल मिल, कम्प्यूटर सेंटर, ब्यूटी पार्लर, हस्तशिल्प, मेंथा ऑयल प्रोसेसिंग तथा कृषि आधारित छोटे उद्योगों के लिए युवाओं द्वारा विशेष रुचि दिखाई गई है।
*ग्रामीण एवं शहरी युवाओं के साथ महिलाओं को भी मिल रहा लाभ*
उन्होंने बताया कि योजना से जनपद सम्भल के ग्रामीण एवं शहरी दोनों क्षेत्रों के युवा लाभान्वित हो रहे हैं। आईटीआई एवं पॉलिटेक्निक करने के बाद रोजगार नहीं मिलने वाले कुशल युवाओं ने अपनी वर्कशॉप एवं रिपेयरिंग सेंटर स्थापित किए हैं। वहीं महिलाओं को सिलाई-कढ़ाई, बुटीक एवं फूड प्रोसेसिंग इकाइयों के लिए प्राथमिकता के आधार पर ऋण उपलब्ध कराकर आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है। कई लाभार्थी अपने साथ अन्य स्थानीय लोगों को भी रोजगार उपलब्ध करा रहे हैं।
ओडीओपी योजना के अंतर्गत जनपद सम्भल के चयनित हॉर्न एंड बोन हैंडीक्राफ्ट से जुड़े कारीगरों को भी आधुनिक टूलकिट एवं नई इकाइयां स्थापित करने के लिए पूंजी उपलब्ध कराई जा रही है।
*हसीना ने पिलो मेकिंग यूनिट स्थापित कर बनाई आत्मनिर्भरता की मिसाल*
जनपद सम्भल की निवासी श्रीमती हसीना मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के माध्यम से आत्मनिर्भरता की मिसाल बनी हैं। उन्होंने नया व्यवसाय शुरू करने के उद्देश्य से सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग की इस योजना के अंतर्गत ₹3,16,000 का ब्याजमुक्त ऋण प्राप्त किया। इस वित्तीय सहायता से उन्होंने पिलो मेकिंग यूनिट स्थापित की।
वर्तमान में श्रीमती हसीना अपनी पिलो मेकिंग यूनिट का सुचारु रूप से संचालन कर रही हैं और उत्पाद तैयार कर स्थानीय बाजार में अपनी पहचान बना चुकी हैं। श्रीमती हसीना मा. मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी और जिलाधिकारी तथा जिला उद्योग प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केन्द्र सम्भल के अधिकारियों का ह्रदय से आभार व्यक्त करती हैं। उन्होंने कहा कि उनके मार्गदर्शन और बैंक के भरपूर सहयोग से ही व्यवसाय घरातल पर उतर सका। वह मानती हैं कि यह योजना महिलाओं और युवाओं को स्वावलम्बी बनाने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और वह चाहती हैं कि हर जरुरतमंद युवा इस योजना का लाभ उठाकर आगे बढ सके।
जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल ने जनपद के पात्र युवाओं एवं महिलाओं से अपील की है कि वे मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना का लाभ उठाकर स्वरोजगार स्थापित करें और आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध कराने में सहभागी बनें। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा उन्हें रोजगार देने वाला उद्यमी बनाने की दिशा में यह योजना महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
Report- शाहवेज़ खान


