मेरठ में 28 अक्टूबर को लगेगा वृहद रोजगार मेला
50 कंपनियां हाईस्कूल से बीटेक पास युवाओं का करेंगी चयन
बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी
मेरठ।नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को योगी सरकार दीपावली का गिफ्ट देने जा रही है। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, मेरठ और सीईआरटी एंड श्रीराम ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के संयुक्त तत्वावधान में 28 अक्टूबर 2026 को वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। परतापुर बाईपास स्थित श्रीराम ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस परिसर में आयोजित होने वाले इस मेले में निजी क्षेत्र की करीब 50 कंपनियां चार हजार युवाओं को रोजगार प्रदान करेंगी।
बीटेक से हाईस्कूल पास तक को मिलेगा मौका
रोजगार मेले में बीटेक, एमसीए, बीसीए, बीबीए, सभी संकायों के स्नातक, इंटरमीडिएट, आईटीआई, डिप्लोमा और हाईस्कूल उत्तीर्ण अभ्यर्थी अपनी शैक्षिक योग्यता के अनुसार प्रतिभाग कर सकेंगे। कंपनियों की ओर से अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेकर चयन प्रक्रिया पूरी की जाएगी। मेले के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
50 कंपनियां करेंगी प्रतिभाग*
मेले में आईसीआईसीआई बैंक, अडानी सोलर एनर्जी, हिताची, एचडीबी फाइनेंशियल सर्विसेज, मुथूट फाइनेंस, टेलीपरफॉर्मेंस, जी4एस, टाइम्सप्रो, युवाशक्ति फाउंडेशन, माय मनी मंत्रा, जर्मेनियम टेक्नोलॉजीज, वर्णिका रिक्रूटमेंट और वैष्णवी इंटीग्रेटेड सर्विसेज सहित विभिन्न कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता और कंपनी की आवश्यकताओं के अनुरूप नौकरी के अवसर मिलेंगे।
रोजगार संगम पोर्टल पर करें पंजीकरण
रोजगार मेले में प्रतिभाग करने के लिए अभ्यर्थियों को रोजगार संगम पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर पंजीकरण कराना होगा। पंजीकरण के बाद यूजर आईडी और पासवर्ड से लॉगिन कर अपनी शैक्षिक योग्यता के अनुसार कंपनी का चयन करके ऑनलाइन आवेदन करना होगा। जिन अभ्यर्थियों का पोर्टल पर पंजीकरण नहीं है, उनका पंजीकरण मौके पर ही कराया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, रोजगार मेले की चयन एवं साक्षात्कार प्रक्रिया पूरी तरह निःशुल्क होगी। मेले में युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार, प्रशिक्षण और करियर निर्माण से जुड़े अवसरों की जानकारी भी दी जाएगी। इसके अतिरिक्त, आईबीएम स्किल बिल्ड एवं भारत केयर सीएसआर बॉक्स के सहयोग से युवाओं के लिए प्री-जॉब करियर काउंसलिंग भी की जा रही है। इसमें सॉफ्ट स्किल, सीवी एवं रिज्यूमे तैयार करने और साक्षात्कार की तैयारी से संबंधित प्रशिक्षण दिया जा रहा है।श्रम एवं सेवायोजन विभाग के एकीकृत रोजगार संगम पोर्टल पर कैंपस प्लेसमेंट, डायरेक्ट हायरिंग, ऑनलाइन काउंसलिंग और लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम की सुविधाएं उपलब्ध हैं। युवाओं से अपील की गई है कि वे समय रहते पंजीकरण कर अपनी योग्यता के अनुरूप नौकरी के अवसरों के लिए आवेदन करें।


