सम्भल। राजकीय फल संरक्षण केंद्र एवं प्रशिक्षण केंद्र द्वारा ग्रामीण बेरोजगार युवक-युवतियों को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री खाद्य प्रसंस्करण ग्राम स्वरोजगार योजना के अंतर्गत वर्ष 2026-27 में दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। यह प्रशिक्षण जनपद सम्भल की 11 न्याय पंचायतों के ग्राम सभाओं में नि:शुल्क कराया जाएगा।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को फल एवं सब्जी आधारित उत्पाद जैसे सॉस, कैचप, फ्रूट जैम, कैंडी, पेठा मुरब्बा, जैली, पापड़, बड़ी, अचार और आलू चिप्स आदि बनाने की जानकारी दी जाएगी। साथ ही प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले इच्छुक लोगों को खाद्य प्रसंस्करण उद्योग स्थापित करने के लिए विभाग द्वारा 1 लाख रुपये तक के अनुदान की योजना की जानकारी भी दी जाएगी।
कार्यक्रम में प्रत्येक प्रशिक्षण शिविर में 30 लाभार्थियों को शामिल किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान लेखन सामग्री, प्रयोगात्मक सामग्री और जलपान की व्यवस्था नि:शुल्क रहेगी। प्रशिक्षण पूर्ण होने पर सभी प्रतिभागियों को खाद्य प्रसंस्करण विभाग द्वारा प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।
विभाग के अनुसार चयन “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर किया जाएगा। इच्छुक महिला एवं पुरुष अभ्यर्थी, जिनकी आयु 21 वर्ष हो, अपने आधार कार्ड, शैक्षिक प्रमाण-पत्रों की फोटो कॉपी और एक फोटो के साथ आवेदन कर सकते हैं।
अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी राजकीय फल संरक्षण एवं प्रशिक्षण केंद्र, गणेश कॉलोनी गली नंबर-04, चन्दौसी, जिला सम्भल कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं। संपर्क नंबर: 941049836।


