सरकारी योजना का लोन लेकर दूसरी जगह खर्च किया तो होगी कार्रवाई, संभल में उद्यमियों को चेतावनी
किस्तों में लापरवाही और इकाई स्थापित न करने वालों पर प्रशासन सख्त, डिफॉल्टरों के खिलाफ मुकदमे तक की तैयारी
सम्भल (बहजोई)। सरकारी योजनाओं के तहत स्वरोजगार के लिए बैंक से ऋण लेने वाले लाभार्थी सावधान हो जाएं। ऋण की रकम दूसरे कामों में खर्च करना, स्वीकृत परियोजना के अनुसार इकाई स्थापित न करना और बैंक की किस्तों का भुगतान नहीं करना भारी पड़ सकता है। ऐसे मामलों में ऋण वसूली के साथ मुकदमा दर्ज कराने समेत दंडात्मक कार्रवाई भी की जा सकती है।
जिलाधिकारी अंकित खण्डेलवाल के निर्देश पर शुक्रवार को उपायुक्त उद्योग मुकेश कुमार ने जनपद में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना और एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के लाभार्थियों की इकाइयों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान ऋण राशि के इस्तेमाल, इकाइयों की स्थापना और उनके संचालन की स्थिति का जायजा लिया गया।
ऋण लेकर दूसरे काम में लगाया पैसा तो बढ़ सकती हैं मुश्किलें
निरीक्षण के दौरान सामने आई समस्याओं में ऋण राशि का निर्धारित उद्देश्य से अलग इस्तेमाल, स्वीकृत इकाइयों की स्थापना नहीं होना और कुछ ऋण खातों का एनपीए होना शामिल है। इन मामलों की जांच और समाधान के लिए उपायुक्त उद्योग तथा बैंकों की संयुक्त टीम ने लाभार्थियों की इकाइयों का निरीक्षण किया।
उपायुक्त उद्योग मुकेश कुमार ने लाभार्थियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सरकारी योजनाओं के तहत मिले ऋण का इस्तेमाल केवल स्वीकृत परियोजना के लिए करें। अपनी इकाइयों का नियमित संचालन सुनिश्चित करें और बैंक की किस्तों का भुगतान समय से करें।
डिफॉल्टरों पर होगी कार्रवाई
उपायुक्त उद्योग ने चेतावनी दी कि निर्देशों का पालन नहीं करने पर बैंकिंग नियमों के तहत ऋण वसूली की कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा शासन के निर्धारित नियमों और लागू कानूनी प्रावधानों के अनुसार डिफॉल्टरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने सहित अन्य दंडात्मक कार्रवाई भी की जा सकती है।
उन्होंने बताया कि इन योजनाओं का उद्देश्य युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ना, रोजगार के अवसर बढ़ाना और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देना है। ऋण राशि का सही इस्तेमाल और समय से भुगतान होने पर अन्य पात्र युवाओं को भी योजनाओं का लाभ मिल सकेगा।
निरीक्षण के दौरान जिला प्रबंधक सामंत सिंह, भारतीय स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक और अन्य संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।
बुलन्द संदेश न्यूज़
शाहवेज़ खान 8923408525
सम्भल


