cbamazon
Breaking News

मेला गणेश चौथ चंदौसी-2026 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मेला कमेटी के साथ की बैठक* *मेला स्थल पर सुरक्षा, यातायात, विद्युत, पेयजल, स्वास्थ्य एवं साफ-सफाई की व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश

मेला गणेश चौथ चंदौसी-2026 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मेला कमेटी के साथ की बैठक*  *मेला स्थल पर सुरक्षा, यातायात, विद्युत, पेयजल, स्वास्थ्य एवं साफ-सफाई की व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश

सम्भल (बहजोई), 

कलक्ट्रेट सभागार बहजोई में जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल एवं पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में 12 सितंबर से प्रारम्भ होकर 2 अक्टूबर तक चलने वाले मेला गणेश चौथ चंदौसी-2026 के आयोजन की तैयारियों के संबंध में मेला कमेटी के साथ संयुक्त वार्षिक सभा का आयोजन किया गया।

      बैठक में उपजिलाधिकारी चंदौसी द्वारा मेला आयोजन से संबंधित विभिन्न बिंदुओं के संबंध में जिलाधिकारी को अवगत कराया गया। 

      इस दौरान मेला टेंडर प्रक्रिया एवं मेला विद्युत कनेक्शन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। विद्युत विभाग एवं टेलीफोन विभाग को विद्युत एवं टेलीफोन पोल तथा तारों की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि विद्युत एवं टेलीफोन व्यवस्था प्रभावित न हो तथा तार व्यवस्थित एवं सुरक्षित रहें।

जल निगम (शहरी) को मेला स्थल पर हैंडपंपों की मरम्मत कराने तथा आवश्यकता के अनुसार हैंडपंप लगवाने के निर्देश दिए गए। रोडवेज विभाग को मेला अवधि के दौरान चंदौसी में अस्थायी बस स्टॉप तैयार कराने तथा यात्रियों की सुविधा के लिए रोडवेज बसों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

अपर जिलाधिकारी ने गणेश मूर्ति विसर्जन के संबंध में लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए कि मिट्टी अथवा गोबर से तैयार मूर्तियों का ही विसर्जन किया जाए।

अग्निशमन विभाग को मेला स्थल के पास छोटे अग्निशामक वाहनों की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अग्निशमन वाहनों को प्वाइंट-बाय-प्वाइंट तैनात किया जाए तथा उनके मूवमेंट पर भी नजर रखी जाए।

बैठक में पुलिस एवं यातायात व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। 14 सितंबर को आयोजित होने वाली रथयात्रा के दौरान पार्किंग की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

     अपर जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि मेला स्थल को प्लास्टिक मुक्त रखा जाए तथा श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त एवं निःशुल्क पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

      जिलाधिकारी ने कहा कि मेला स्थल पर दुकानों के लिए जो स्थान निर्धारित किए गए हैं, दुकानदार निर्धारित सीमा से आगे अपनी दुकानें न बढ़ाएं, यह सुनिश्चित किया जाए। दुकानों के पास डस्टबिन लगाए जाएं तथा मेला स्थल पर साफ-सफाई की उचित व्यवस्था बनाए रखी जाए।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि विद्युत व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित रहे और किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

जिलाधिकारी ने मेले के दौरान मेला स्थल पर स्वास्थ्य विभाग का शिविर लगाए जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविर में पर्याप्त मात्रा में दवाइयां उपलब्ध रहें। 

       मेला स्थल पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को रेलवे स्टेशन एवं बस स्टैंड पर मेला स्थल से संबंधित साइन एज लगाए जाने के निर्देश दिए, जिससे बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं एवं आगंतुकों को मेला स्थल तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

जिलाधिकारी ने सिटी मजिस्ट्रेट एवं संबंधित उपजिलाधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि आज ही रथयात्रा मार्ग एवं मेला स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया जाए। साथ ही, जिन दुकानों का आवंटन किया गया है, उनकी आवंटन प्रक्रिया का भी विस्तारपूर्वक परीक्षण किया जाए।

पुलिस अधीक्षक ने मेला कमेटी से दुकानों एवं मेला स्थल का ले-आउट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेला स्थल के बाहर किसी भी प्रकार की दुकान न लगने दी जाए तथा यातायात व्यवस्था किसी भी स्थिति में बाधित न हो, यह सुनिश्चित किया जाए।

      इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी सत्यप्रिय सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार, वरिष्ठ कोषाधिकारी सम्भल, जिला विकास अधिकारी रामाशीष, उपजिलाधिकारी चंदौसी आशुतोष तिवारी, क्षेत्राधिकारी चंदौसी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका चंदौसी सहित मेला कमेटी के अन्य सदस्य एवं संबंधित अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

Report- शाहवेज़ खान