cbamazon
Breaking News

नियम तोड़ने पर मान्यता रद्द की चेतावनी

नियम तोड़ने पर मान्यता रद्द की चेतावनी

 

● स्कूल वाहनों पर कार्रवाई तेज 


बुलन्द संदेश/दानिश अली 

सम्भल। जनपद भर में बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए परिवहन विभाग ने ‘मिशन सेफ फ्यूचर’अभियान के तहत स्कूल वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।शासन के निर्देश पर 1 जुलाई से 15 जुलाई तक चल रहे इस विशेष अभियान में बिना परमिट,फिटनेस और आवश्यक दस्तावेजों के संचालित वाहनों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।
    ए.आर.टी.ओ.(प्रशासन) अमिताव चतुर्वेदी ने बताया कि अभियान के दौरान सड़क पर नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने वाले स्कूल वाहनों का चालान किया जा रहा है।गंभीर मामलों में वाहनों को सीज करने की भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग स्कूल शिक्षा विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर संयुक्त रूप से निरीक्षण कर रहा है,जिससे नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित हो सके।उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई स्कूल लगातार बिना परमिट और फिटनेस के वाहन संचालित करता पाया गया और नियमों की अनदेखी करता है,तो संबंधित स्कूल के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। ऐसी स्थिति में स्कूल की मान्यता समाप्त करने की संस्तुति भी शासन को भेजी जा सकती है।अभियान के तहत ओवरलोडिंग पर भी विशेष नजर रखी जा रही है।स्कूल खुलने के साथ ही विभाग की टीमें सक्रिय हो गई हैं और वाहनों की क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर ले जाने पर सख्ती बरती जा रही है। यदि किसी वाहन में ओवरलोडिंग या अन्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो वाहन संचालक के साथ-साथ स्कूल प्रबंधन के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।परिवहन विभाग ने सभी स्कूल संचालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों के परमिट,फिटनेस,बीमा,प्रदूषण प्रमाणपत्र और चालक से संबंधित सभी दस्तावेज अद्यतन रखें। विभाग ने साफ किया कि बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।