संभल में जनगणना 2027 का प्रथम चरण शुरू, डीएम आवास पर हुआ मकान गणना कार्य
बुलन्द संदेश/शाहवेज खान
सम्भल (बहजोई), 24 मई 2026
भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत प्रदेशभर में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य प्रारम्भ हो चुका है। जनपद सम्भल में भी यह अभियान तेज़ी से चल रहा है, जिसके तहत प्रगणक एवं सुपरवाइजर घर-घर जाकर मकानों का सर्वे और आवश्यक सूचनाओं का संग्रह कर रहे हैं।
जिलाधिकारी आवास पर प्रगणकों ने जुटाई जानकारी
इसी क्रम में रेलवे स्टेशन रोड, बहजोई स्थित जिलाधिकारी आवास पर प्रगणक ब्रजलाल, प्रवक्ता बहजोई इंटर कॉलेज तथा जिला प्रभारी जनगणना अनिल कुमार मौर्य द्वारा मकान गणना का कार्य सम्पन्न कराया गया। इस दौरान जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल ने प्रगणकों को मकान गणना से जुड़ी आवश्यक एवं महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराईं। साथ ही उन्होंने जनगणना प्रक्रिया के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।
जनपद में 4080 प्रगणक और 680 सुपरवाइजर तैनात
जनगणना 2027 के प्रथम चरण के सफल संचालन के लिए जनपद सम्भल में कुल 4080 प्रगणक एवं 680 सुपरवाइजर लगाए गए हैं। ये सभी कार्मिक 22 मई से 20 जून 2026 तक घर-घर जाकर मकानों का सूचीकरण और आंकड़ों का संकलन करेंगे। प्रशासन का कहना है कि यह कार्य पूरी पारदर्शिता और व्यवस्थित तरीके से कराया जा रहा है।
लोगों से सही जानकारी और सहयोग की अपील
जनपद प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि जनगणना के दौरान पूछे जाने वाले 33 प्रश्नों के सही एवं सटीक उत्तर उपलब्ध कराएं। प्रशासन के अनुसार इन आंकड़ों के आधार पर भारत सरकार विभिन्न योजनाओं और नीतियों की रूपरेखा तैयार करती है। साथ ही नागरिकों से यह भी अपेक्षा की गई है कि वे प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को पूरा सहयोग दें, जिससे यह महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य सुचारु एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न हो सके।


