सिरसी में पैयामे इंसानियत फोरम का फ्री मेडिकल हेल्थ कैंप, 47 मरीजों का हुआ उपचार
सम्भल (सिरसी)। मानवता और सेवा भाव की मिसाल पेश करते हुए पैयामे इंसानियत फोरम द्वारा सिरसी में एक नि:शुल्क मेडिकल हेल्थ कैंप का आयोजन किया गया। यह कैंप मोहल्ला सादक सराय और गिन्नौरी के बीच बिलारी रोड स्थित मोहम्मद जफर के मकान पर लगाया गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य लाभ लिया।
कैंप सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चला, जिसमें करीब 47 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें मुफ्त दवाइयां वितरित की गईं। गंभीर स्थिति वाले एक मरीज को हायर सेंटर के लिए रेफर भी किया गया, जबकि अन्य मरीजों को उचित चिकित्सकीय सलाह दी गई।
कैंप के दौरान डॉक्टरों ने लोगों को गर्मी और लू से बचाव के लिए जागरूक किया। साफ पानी पीने, तरबूज, खरबूजा, ककड़ी और खीरे जैसे मौसमी फलों के अधिक सेवन की सलाह दी गई। साथ ही समाज में आपसी सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने का संदेश भी दिया गया।
कैंप संयोजक डॉ. इफ्तेखार अहमद ने बताया कि इस स्वास्थ्य शिविर में मुरादाबाद के वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अलाउद्दीन सैफी सहित डॉ. ताहिर, डॉ. परवेज, डॉ. साजिद मुस्तफा और डॉ. रिहान अली ने अपनी सेवाएं दीं। वहीं मुफ्ती हारून रहमत इलाही फजले हक और मौलाना खिजर अब्दुल मुत्तलिब ने सहयोग किया।
कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. इफ्तेखार अहमद ने पूरी मेडिकल टीम का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे कैंप आयोजित कर लोगों को राहत पहुंचाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे एक कदम भलाई की ओर बढ़ाएं और इंसानियत की सेवा में अपना योगदान दें।


