cbamazon
Breaking News

सिटी मजिस्ट्रेट ने निजी अस्पताल का किया औचक निरीक्षण। नोटिस जारी।

सिटी मजिस्ट्रेट ने निजी अस्पताल का किया औचक निरीक्षण। नोटिस जारी।

बुलन्द संदेश/ मौहम्मद अब्बास 


सम्भल। जिले में निजी अस्पतालों के खिलाफ चल रही जांच के बीच सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार ने नगर के मुरादाबाद मर्ग स्थित एक निजी अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। यह कार्रवाई किसान नेता जयवीर सिंह यादव की शिकायत के आधार पर की गई,जिसमें नवजात बच्चे के इलाज के दौरान अस्पताल पर अधिक धन वसूली और शव देने के लिए अतिरिक्त पैसे मांगने का आरोप लगाया गया था।
       जांच के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट ने अस्पताल प्रबंधन से 7 मई की सीसीटीवी फुटेज प्रस्तुत करने को कहा,लेकिन संचालक ने बताया कि डीवीआर की फाइल खराब हो गई है और उसे ठीक कराने के लिए बाहर भेजा गया है। इस कारण संबंधित दिन की फुटेज उपलब्ध नहीं कराई जा सकी,जिससे शिकायत की पुष्टि नहीं हो पाई। अस्पताल प्रबंधन ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि शव देने के लिए किसी प्रकार की अतिरिक्त राशि नहीं ली गई।उनका कहना है कि इलाज से पहले परिजनों से सहमति पत्र भरवाया जाता है ताकि भविष्य में विवाद की स्थिति न बने।निरीक्षण के दौरान अस्पताल के बेसमेंट की भी जांच की गई,जहां कोई मरीज भर्ती नहीं मिला। बेसमेंट का उपयोग स्टोर रूम के रूप में किया जा रहा था। वहीं अस्पताल के पास बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन,फार्मेसी और अग्निशमन विभाग से संबंधित आवश्यक लाइसेंस भी उपलब्ध पाए गए।हालांकि जांच में एक बड़ी खामी सामने आई। अस्पताल प्रबंधन भवन का स्वीकृत नक्शा प्रस्तुत नहीं कर सका,जिससे यह स्पष्ट नहीं हो सका कि भवन आवासीय है या व्यावसायिक उपयोग के लिए स्वीकृत है। इस पर सिटी मजिस्ट्रेट ने अस्पताल को नोटिस जारी करते हुए निर्धारित समय में भवन का नक्शा और पैरामेडिकल स्टाफ की पूरी सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समयसीमा के भीतर दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए तो नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।