*वार्ड-50 के नूर नगर में चोक सीवर से सड़कों पर गंदा पानी, उखड़ते मैनहोल के ढक्कनों से हादसे का खतरा*
गाजियाबाद(आशा चौधरी) नगर निगम के वार्ड संख्या-50 स्थित नूर नगर में पीएनबी बैंक के सामने प्राचीन शिव मंदिर वाली गली सहित आसपास के क्षेत्र में सीवर लाइन लंबे समय से चोक होने के कारण स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश होते ही सीवर का गंदा पानी सड़क पर बहने लगता है और पानी के तेज दबाव से कई स्थानों पर मैनहोल के ढक्कन अपने स्थान से ऊपर उठ जाते हैं। इससे कभी भी कोई गंभीर दुर्घटना हो सकती है। सड़क पर फैली गंदगी, दुर्गंध और जलभराव के कारण आमजन का आवागमन बाधित हो रहा है तथा संक्रामक बीमारियों का खतरा भी लगातार बढ़ रहा है।इस गंभीर समस्या की शिकायत जलकल विभाग को जनसुनवाई पोर्टल एवं व्हाट्सएप के माध्यम से कई बार की जा चुकी है। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी स्थिति से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है। लगातार शिकायतों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई न होने से क्षेत्रवासियों में भारी रोष व्याप्त है।भाजपा किसान मोर्चा, महानगर गाजियाबाद के सोशल मीडिया प्रभारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता मास्टर प्रवीण त्यागी ने नगर निगम एवं जलकल विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि क्षेत्र की सीवर लाइन की तत्काल मशीनों से सफाई कराई जाए, क्षतिग्रस्त एवं उखड़ते मैनहोलों की मरम्मत कराई जाए तथा समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो बरसात के दौरान किसी भी समय बड़ी दुर्घटना हो सकती है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।


