बुलन्द संदेश /ब्यूरो
मोदीनगर (अनवर खान)। एसआरएम इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी, दिल्ली-एनसीआर परिसर स्थित एसआरएम मोदीनगर कॉलेज ऑफ फार्मेसी में बी फार्म के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए दो दिवसीय आठवें इंडक्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को संस्थान की शैक्षणिक संस्कृति, व्यावसायिक नैतिकता, अनुसंधान एवं फार्मेसी क्षेत्र में उपलब्ध करियर अवसरों से परिचित कराना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। प्रभारी प्राचार्य डॉ मनीष पाल सिंह ने अतिथियों, विद्यार्थियों और अभिभावकों का स्वागत करते हुए संस्थान की शैक्षणिक उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि डॉ रोहित जोशी ने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार और अनुसंधान के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया। विशिष्ट अतिथि रमेश कुमार गुलेरिया ने औषधि उद्योग की वर्तमान आवश्यकताओं, गुणवत्ता नियंत्रण और रोजगार की संभावनाओं पर जानकारी साझा की। डीन रिसर्च प्रो ए गीता भवानी ने उच्च शिक्षा, शोध और नवाचार के महत्व को बताया।
कार्यक्रम के दौरान व्हाइट कोट सेरेमनी एवं फार्मासिस्ट शपथ का आयोजन भी हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने नैतिक और उत्तरदायी स्वास्थ्य पेशेवर बनने का संकल्प लिया। विभिन्न तकनीकी एवं प्रेरक सत्रों में डॉ मुदित दीक्षित, डॉ विनोथ कुमार एम, किशोर कुमार राय, शालिनी शर्मा, डॉ सचिन सिरोही, डॉ पल्लवी जैन, डॉ प्रशांत कुमार तथा डॉ सोनाक्षी अंतल ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को विभागीय सुविधाओं का भ्रमण कराया गया। आयोजकों के अनुसार यह इंडक्शन कार्यक्रम विद्यार्थियों के शैक्षणिक जीवन की सकारात्मक और प्रेरणादायी शुरुआत साबित हुआ।
इस अवसर पर डॉ मनीष पाल सिंह, डॉ रोहित जोशी, रमेश कुमार गुलेरिया, प्रो ए गीता भवानी, डॉ मुदित दीक्षित, डॉ विनोथ कुमार एम., किशोर कुमार राय, शालिनी शर्मा, डॉ सचिन सिरोही, डॉ पल्लवी जैन, डॉ प्रशांत कुमार एवं डॉ सोनाक्षी अंतल आदि के अलावा विद्यार्थी व अभिभावकगण मौजूद रहे।


