cbamazon
Sports

सम्भल की बेटियों ने ताइक्वांडो प्रतियोगिता में दिखाया दम, गोल्ड और सिल्वर मेडल जीतकर बढ़ाया जिले का मान

सम्भल की बेटियों ने ताइक्वांडो प्रतियोगिता में दिखाया दम, गोल्ड और सिल्वर मेडल जीतकर बढ़ाया जिले का मान

सम्भल। जनपद की बेटियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर जिले का नाम रोशन किया है। रविवार को चंदौसी में आयोजित डिस्ट्रिक्ट लेवल ताइक्वांडो प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई मुकाबलों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जहां खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला।

प्रतियोगिता के अंडर-15 वर्ग में कुमारी कसिका भटनागर, पुत्री कशिश भटनागर ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया। मुकाबलों के दौरान कसिका ने आत्मविश्वास, अनुशासन और शानदार तकनीक का परिचय दिया, जिसकी दर्शकों और आयोजकों ने खूब सराहना की।

वहीं अंडर-7 वर्ग में नन्हीं खिलाड़ी काव्य भटनागर, पुत्री अमित भटनागर ने अपने शानदार प्रदर्शन से सभी का दिल जीत लिया। काव्य ने प्रतियोगिता में शानदार खेल दिखाते हुए गोल्ड मेडल हासिल किया। कम उम्र में उनके आत्मविश्वास और खेल कौशल को देखकर मौजूद लोग भी प्रभावित नजर आए।

प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के उत्साह और जोश ने माहौल को रोमांचक बना दिया। विजेता खिलाड़ियों को आयोजकों द्वारा मेडल देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कोचों और अभिभावकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बेटियां आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और खेलों में भी अपनी अलग पहचान बना रही हैं।

दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर परिवार में खुशी का माहौल है। परिजनों ने इसे मेहनत, लगन और नियमित अभ्यास का परिणाम बताया। क्षेत्रवासियों और खेल प्रेमियों ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि खिलाड़ियों को इसी तरह प्रोत्साहन मिलता रहा तो आने वाले समय में सम्भल की बेटियां राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर भी जिले का नाम रोशन करेंगी।

बुलन्द संदेश/ शाहवेज खान